दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद बांसुरी ने मनायी दिल्ली के बहनो के साथ हरियाली तीज

टेन न्यूज नेटवर्क

NEW DELHI News (25/07/2025): नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने इस वर्ष पहली बार अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर हरियाली तीज (Hariyali Teej) का भव्य उत्सव राजधानी के चाणक्यपुरी स्थित प्रतिष्ठित पीएसओआई क्लब (PSOI Club) के हरे-भरे लॉन में बड़े धूमधाम से आयोजित किया। इस सांस्कृतिक आयोजन में दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम में नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज (MP Bansuri Swaraj) ने भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का आयोजन सावन के उल्लास और सांस्कृतिक परंपराओं के जीवंत उत्सव के रूप में किया गया था। समूचा वातावरण पारंपरिक गीत-संगीत, लोकनृत्य, मेहंदी, चूड़ियों और सजे-धजे झूलों के साथ एक रंगारंग मेले का रूप ले चुका था।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा, तीज महज एक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति (Indian culture) में महिलाओं के उल्लास, सौंदर्य और आत्मबल का प्रतीक है। यह उत्सव सावन के मौसम की ताजगी और प्रकृति की हरियाली के साथ हमारी सामाजिक एकता को दर्शाता है। बहनों और बेटियों के चेहरों पर सजी मेहंदी, झूलों की रुनझुन और पारंपरिक गीत इस पर्व की आत्मा हैं।

उन्होंने एनडीएमसी को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि, एनडीएमसी ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ सर्वेक्षण में श्रेष्ठता प्राप्त कर पूरे देश के लिए एक आदर्श प्रस्तुत किया है। इसी तरह का समर्पण और सामूहिक प्रयास अगर पूरे शहर में हो, तो दिल्ली न केवल स्वच्छ और हरी-भरी बनेगी, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी संपन्न होगी।

नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने भी तीज के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, हरियाली तीज केवल झूले और मेहंदी तक सीमित नहीं, बल्कि यह नारी शक्ति (Women Power), संस्कृति (Culture) और आध्यात्म (Spirituality) का उत्सव है। यह पर्व हमारी बेटियों को एकजुट करता है और उनमें आत्मगौरव, आत्मबल तथा आगे बढ़ने का संकल्प भरता है।

इस भव्य कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. अलका गुर्जर, एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष शकुलजीत सिंह चहल, सदस्यगण दिनेश प्रताप सिंह और सरिता तोमर तथा मालवीय नगर के विधायक व एनडीएमसी के पूर्व उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में एनडीएमसी के सैकड़ों महिला और पुरुष कर्मचारियों ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर हिस्सा लिया। महिलाओं ने हरे और लाल रंग की साड़ियों और सूटों में सजकर, मेंहदी रचाकर तथा गीतों और नृत्यों के माध्यम से इस त्योहार को जीवंत बना दिया।

इस उत्सव में पंजाब (Punjab), राजस्थान (Rajasthan) और गढ़वाल की लोक संस्कृतियों की झलक देखने को मिली। मंच पर प्रस्तुत पारंपरिक लोकनृत्यों, समूह गायन और सांस्कृतिक झांकियों ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, मेहंदी और चूड़ियों के रंग-बिरंगे स्टॉल, पारंपरिक व्यंजनों से सजे फूड कियोस्क और झूले इस उत्सव के आकर्षण का केंद्र रहे।

हरियाली तीज का यह आयोजन न केवल भारतीय सांस्कृतिक विरासत का उत्सव था, बल्कि यह एनडीएमसी के कर्मचारियों के बीच सामूहिकता, सौहार्द और समर्पण की भावना को प्रकट करने वाला भी रहा। एनडीएमसी ने इस आयोजन के माध्यम से कार्यस्थल पर सांस्कृतिक समावेशन और मानसिक प्रसन्नता को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त किया।

हरियाली तीज, विशेष रूप से महिलाओं द्वारा मनाया जाने वाला त्योहार, समृद्धि, सौभाग्य और अध्यात्म से जुड़ा हुआ है। यह आयोजन एनडीएमसी की ओर से अपने महिला कर्मचारियों को समर्पित एक सुंदर पहल के रूप में भी देखा गया।।

हरियाली तीज पर NDMC का भव्य आयोजन | CM Rekha Gupta | Bansuri Swaraj | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।