विपक्ष बना रहा ‘लोकतंत्र को शोरतंत्र’, सेना के शौर्य पर उठाए सवाल : शिवराज सिंह चौहान

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (21/07/2025): मानसून सत्र के पहले ही दिन लोकसभा में विपक्षी दलों के भारी हंगामे और नारेबाजी के बीच लोकसभा को दो बार स्थगित करना पड़ा। इस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने विपक्ष को जमकर घेरा। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि संसद लोकतंत्र का मंदिर है, और लोकतंत्र की आत्मा चर्चा है, लेकिन विपक्ष चर्चा से बचने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह देश के अहम मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए संसद को शोरतंत्र का अखाड़ा बना रहा है, जबकि सरकार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ समेत हर मुद्दे पर संवाद को तैयार है।

कृषि मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि जब सरकार स्वयं चर्चा के लिए तत्पर है, तब विपक्ष क्यों पीछे हट रहा है? उन्होंने कहा कि आज पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य और साहस से गौरवान्वित महसूस कर रहा है, और सेना की वीरता की गूंज केवल देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में हो रही है। ऐसे समय में, विपक्ष को संसद में एक स्वर में सरकार के साथ खड़े होकर भारतीय सेना को सम्मान देना चाहिए था, जिससे विश्व को स्पष्ट संदेश जाता कि भारत अपने सुरक्षा बलों के साथ एकजुट है।

शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष का व्यवहार राष्ट्रविरोधी ताकतों को प्रोत्साहित करने वाला है। उन्होंने कहा, “विपक्ष जिस तरह से सेना के पराक्रम पर सवाल उठा रहा है, वह सीधे-सीधे पाकिस्तान की भाषा बोलने जैसा है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारतीय सेना ने ऐसा शौर्य और साहस दिखाया है कि पाकिस्तान आज तक अपना रहीम यार खान एयरबेस भी दुरुस्त नहीं कर पाया है।

कृषि मंत्री ने विपक्ष से सवाल किया कि क्या भारत की संसद में अब भी देश की सेना का सम्मान नहीं किया जाएगा? उन्होंने कहा कि जब पूरा देश सेना के पराक्रम की जय-जयकार कर रहा है, तब विपक्ष का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे देश की एकता को ठेस पहुंचती है। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वे नकारात्मक राजनीति छोड़कर राष्ट्रहित में सरकार का साथ दें और लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करें।

शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी विषय पर संवाद से नहीं भाग रही है, चाहे वह सुरक्षा, विदेश नीति, या आंतरिक मसले हों। उन्होंने यह भी दोहराया कि हर नागरिक को भारतीय सेना पर गर्व है और सरकार पूरी मजबूती से सेना के साथ खड़ी है। संसद में ऐसे संवेदनशील अवसरों पर एकजुटता का प्रदर्शन करना हर जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है, न कि राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्रहित से समझौता करना।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।