दिल्ली की विधायक पूनम भारद्वाज ने शुरू की कांवड़ यात्रा, कहा– “यह आस्था और सशक्तिकरण की यात्रा”
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (16/07/2025): दिल्ली की सबसे कम उम्र की महिला विधायक और वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली पूनम शर्मा भारद्वाज ने मंगलवार को ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर (चांदनी चौक) से हरिद्वार के लिए कावड़ यात्रा आरंभ की। यह यात्रा न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि महिलाओं के कल्याण, दिल्ली की उन्नति और वजीरपुर के विकास को समर्पित जनभावना की एक मिसाल भी है।
इस मौके पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता और सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर पूनम भारद्वाज के जत्थे को रवाना किया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिला समर्थक और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहीं।
पूनम शर्मा भारद्वाज ने कहा, “कई महिलाएं पारिवारिक या सामाजिक कारणों से कांवड़ यात्रा में शामिल नहीं हो पातीं। मैं यह यात्रा उन सभी महिलाओं की ओर से कर रही हूं और उनकी कामनाओं को गंगाजल के माध्यम से भगवान शिव को अर्पित करूंगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि वे इस यात्रा में एक जनप्रतिनिधि के रूप में यात्रियों को आने वाली दिक्कतों को भी महसूस करेंगी, जिससे भविष्य में बेहतर प्रबंधन और सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने इसे “धार्मिक आस्था को सामाजिक सरोकार से जोड़ने का अनुकरणीय प्रयास” बताया, जबकि सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने इसे “आस्था के माध्यम से जनसेवा का संदेश” करार दिया।
यह यात्रा 18 जुलाई 2025 को सम्पन्न होगी, जब पूनम शर्मा भारद्वाज दिल्ली लौटकर गंगाजल से जलाभिषेक करेंगी। यह पहल राजधानी की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त संदेश बनकर उभरी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।