New Delhi News (14/07/2025): दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने राजधानी में पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर सालभर के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (DPCC) ने एनवायरनमेंट (प्रोटेक्शन) एक्ट 1986 की धारा 5 के तहत यह निर्देश जारी किया है, जो तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। इसका सीधा असर इस साल दिवाली और अन्य त्योहारों पर दिखेगा, जब दिल्लीवासी पटाखे नहीं फोड़ सकेंगे। यह फैसला राजधानी में लगातार बिगड़ते वायु गुणवत्ता स्तर को देखते हुए लिया गया है।
DPCC द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह बैन दिल्ली के सभी नागरिकों, संस्थानों और संगठनों पर लागू होगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई इस प्रतिबंध का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानून के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की गई है। लोग उल्लंघन की शिकायत ग्रीन दिल्ली ऐप, ध्वनि प्रदूषण निवारण पोर्टल, हेल्पलाइन 155271 या आपात नंबर 112 पर कर सकते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि जब पिछली आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था, तब भाजपा नेताओं ने इसे जनभावनाओं के विरुद्ध करार दिया था। खासतौर पर सांसद मनोज तिवारी ने ऐलान किया था कि यदि भाजपा सत्ता में आई तो वह इस प्रतिबंध को हटा देगी। लेकिन अब भाजपा सरकार ने न केवल प्रतिबंध को बरकरार रखा है, बल्कि उसे पूरे साल के लिए लागू कर दिया है, जो कि राजधानी में पहली बार है।
दिल्ली पुलिस (Delhi Police) भी इस निर्देश के अनुपालन में सक्रिय हो गई है। हाल ही में पुलिस ने सभी ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को पत्र भेजकर दिल्ली में पटाखों की ऑनलाइन बिक्री तुरंत रोकने के निर्देश दिए हैं। यह कदम सुप्रीम कोर्ट के मई 2025 में दिए गए निर्देशों और 19 दिसंबर 2024 के दिल्ली सरकार के आदेशों के अनुरूप उठाया गया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन पोर्टलों को पटाखों से जुड़े सभी उत्पाद हटाने होंगे और दिल्ली के ग्राहकों के लिए उन्हें उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, दिल्ली पुलिस ने बैंक्वेट हॉल, होटल, गेस्ट हाउस और अन्य आयोजन स्थलों को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी आयोजन में पटाखों का इस्तेमाल न करें। साथ ही सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स (Online Platform) को निर्देश दिया गया है कि वे पटाखों की बिक्री पर लगे प्रतिबंध के बारे में स्पष्ट सार्वजनिक सूचना जारी करें। भाजपा सरकार के इस निर्णय ने एक बार फिर दिल्ली की प्रदूषण नीति को सख्ती से लागू करने का संकेत दिया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।