बिहार मतदाता सूची में “विदेशी नागरिकों के नाम”, सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने दी तीखी प्रतिक्रिया
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (13/07/2025): बिहार की मतदाता सूची में कथित रूप से बांग्लादेश, नेपाल और म्यांमार के नागरिकों के नाम शामिल होने को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। इसी विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल (Praveen Khandelwal) ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसी कारण बिहार में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण आवश्यक हो गया था। उन्होंने कहा कि भारत में अवैध रूप से रह रहे लोगों को यदि वोट देने का अधिकार मिल गया, तो यह न केवल लोकतंत्र के साथ धोखा है, बल्कि देश की संप्रभुता पर भी खतरा है।
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि विपक्षी दलों को यह पहले से ज्ञात था कि मतदाता सूची में गंभीर खामियां हैं, और इसी कारण वे पहले दिन से ही पुनरीक्षण प्रक्रिया का विरोध कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर हंगामा कर रहा है ताकि इस मुद्दे को न्यायिक प्रक्रिया में उलझाया जा सके और अवैध मतदाताओं को बचाया जा सके। खंडेलवाल ने सुप्रीम कोर्ट में पहुंचे इस मामले को राजनीति से प्रेरित कदम बताते हुए कहा कि चुनाव आयोग का काम बाधित करने की यह सोची-समझी कोशिश है।
सांसद ने दो टूक शब्दों में कहा कि एक भी अवैध मतदाता अब मतदाता सूची में नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव आयोग इस मामले में पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रहा है और यह उसका संवैधानिक अधिकार और दायित्व दोनों है। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग को पूरी स्वतंत्रता दी जानी चाहिए ताकि वह देश में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित कर सके।
इस मामले के उजागर होने के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ गई है। जहां भाजपा इसे राष्ट्रहित में उठाया गया कदम बता रही है, वहीं विपक्ष इस पर चुनावी लाभ लेने की कोशिश करार दे रहा है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, सूची में संदिग्ध नामों की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है। आने वाले दिनों में यह मामला बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी गूंज सकता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।