कांवड़ मार्ग पर कांच फैलाने की अफवाह या साजिश? DCP शाहदरा ने किया बड़ा खुलासा
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (13/07/2025): दिल्ली के सीमापुरी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर कांच के टुकड़े बिखेरे जाने की खबर ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया था। अब इस मामले में DCP शाहदरा का आधिकारिक बयान सामने आया है, जिसमें पूरी घटना की जांच का ब्यौरा दिया गया है। बताया गया कि 12 जुलाई की शाम 6:25 बजे सीमापुरी के एसडीएम द्वारा एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें सड़क पर कांच के टुकड़े दिखाई दे रहे थे। उसी समय स्थानीय पुलिस को पहली बार मामले की जानकारी दी गई।
जांच में सामने आया कि यह वीडियो पियूष नामक युवक ने बनाया था, जो नंद नगरी का निवासी है। पियूष ने बताया कि उसे इस बारे में जानकारी उसके दोस्त मोंटू ने दी थी, जो उसी इलाके का रहने वाला है। यह भी सामने आया कि वीडियो नया नहीं था, बल्कि 10 जून 2025 की रात 8:30 बजे का है और इसमें चिंतामणि चौक से झिलमिल मेट्रो स्टेशन के बीच का क्षेत्र दिखाया गया है।
जानकारी मिलने के बाद ACP सीमापुरी ने 12 जुलाई को खुद मौके का निरीक्षण किया, जहां केवल कुछ जगहों पर कांच के टुकड़े पाए गए। वहीं, मौके पर तैनात एमसीडी कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने 12 जुलाई की सुबह ही पूरे इलाके को साफ कर दिया था।
रात 11:39 बजे PWD के जूनियर इंजीनियर अविनाश प्रताप सिंह द्वारा इस संबंध में PCR कॉल की गई, जिसे सीमापुरी थाने में डीडी नंबर 130 के तहत दर्ज किया गया। इंजीनियर के बयान के आधार पर थाना सीमापुरी में FIR संख्या 544/2025 दर्ज की गई है, जो भारतीय न्याय संहिता की धारा 125/299 के अंतर्गत है। इस मामले की जांच फिलहाल जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।