नई दिल्ली (06 जुलाई 2025): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (National Capital Delhi) में यमुना नदी (Yamuna River) का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और अब यह खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। शनिवार शाम को ओल्ड दिल्ली ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 203.3 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 204.5 मीटर से थोड़ा ही कम है। यदि जलस्तर 205.33 मीटर तक पहुंचता है तो डेंजर लेवल का अलर्ट जारी कर दिया जाएगा। जलस्तर में हो रही इस तेजी ने नदी से सटे निचले इलाकों में रहने वालों की चिंता बढ़ा दी है, जहां बाढ़ की संभावना जताई जा रही है।
यमुना का बढ़ता जलस्तर दिल्ली में हो रही बारिश के कारण नहीं, बल्कि पहाड़ी राज्यों में भारी वर्षा और हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी का परिणाम है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बीते दिनों से मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे नदियों में जलप्रवाह काफी तेज़ हो गया है। हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण यमुना में जलभराव की स्थिति बन रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बारिश की तीव्रता बनी रही तो जलस्तर डेंजर लेवल को पार कर सकता है।
पिछले वर्ष 2023 में भी दिल्ली को बाढ़ जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा था, जब यमुना का जलस्तर रिकॉर्ड 208.6 मीटर तक पहुंच गया था। इस बार भी प्रशासन सतर्क हो गया है और निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया जा चुका है। प्रशासन की ओर से तटीय क्षेत्रों में रहने वालों को सावधानी बरतने और ज़रूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। राहत और बचाव टीमों को भी सतर्क मोड पर रखा गया है ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पहाड़ी राज्यों की स्थिति और भी भयावह होती जा रही है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण अब तक 260 से ज़्यादा सड़कें अवरुद्ध हो चुकी हैं, जिनमें से केवल मंडी जिले में ही 176 सड़कें बंद हैं। पिछले दो हफ्तों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 69 लोगों की जान जा चुकी है और 37 से अधिक लोग लापता हैं। उत्तराखंड में भी हालात खराब हैं, जहां 100 से ज्यादा सड़कें बंद होने से आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। इन राज्यों में हो रही इस भारी बारिश का सीधा प्रभाव अब दिल्ली पर भी साफ़ नजर आने लगा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।