नई दिल्ली (20 दिसंबर 2024): संसद परिसर में हाल ही में हुई धक्का-मुक्की के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद राजनीति गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पुलिस अब इस घटना की जांच में तेजी लाते हुए भाजपा सांसदों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
क्या है मामला?
गुरुवार को संसद मार्ग थाने में भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत की शिकायत पर राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इन धाराओं में 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 117 (गंभीर चोट पहुंचाने का प्रयास), 125 (जीवन को खतरे में डालना), 131 (आपराधिक बल का प्रयोग), 351 (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (साझा मंशा) शामिल हैं।
भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी ने धक्का-मुक्की के दौरान ‘‘हमला किया और उकसाया”, जिससे दोनों सांसद घायल हो गए। भाजपा सांसद हेमंग जोशी ने अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही संसद सचिवालय से सीसीटीवी फुटेज की मांग कर सकती है। इसके साथ ही घायल भाजपा सांसद सारंगी और राजपूत के बयान अस्पताल में दर्ज किए जाएंगे। उनकी मेडिकल रिपोर्ट भी जांच का हिस्सा बनेगी।
पुलिस यह भी विचार कर रही है कि इस मामले को स्थानीय पुलिस से अपराध शाखा को सौंपा जाए। राहुल गांधी और घटना के गवाह रहे अन्य सांसदों को पूछताछ के लिए बुलाने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि असल में भाजपा सांसदों ने उनके नेताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा सांसदों ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को धक्का दिया और राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, मुकुल वासनिक, राजीव शुक्ला और प्रमोद तिवारी समेत अन्य सांसदों ने थाने में जाकर इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई है।
राजनीतिक तनाव बढ़ा
इस घटना ने संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने एक-दूसरे पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ने का आरोप लगाया है। दोनों दल इस घटना को लेकर अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।