बारिश में खेलने की जिद ने ली जान: दिल्ली में पिता ने बेटे को उतारा मौत के घाट
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (30 जून 2025): दिल्ली के सागरपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने बारिश में खेलने की जिद कर रहे अपने 10 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा लगातार बाहर जाकर भीगने की जिद कर रहा था और पिता ने मना किया। गुस्से में आपा खो बैठे पिता ने रसोई से चाकू उठाया और बेटे के सीने में वार कर दिया। घायल बच्चे को खुद पिता ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी दोपहर करीब 1:30 बजे सागरपुर थाने को दादा देव अस्पताल से पीसीआर कॉल के माध्यम से दी गई, जिसमें बताया गया कि एक बच्चे को चाकू लगने के बाद भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि बच्चा खुद उसके पिता द्वारा अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद बच्चा नहीं बच सका। मृतक परिवार में चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था और कुछ साल पहले उसकी मां की मृत्यु हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना एक कमरे के मकान में रहने वाले परिवार के अंदर हुई, जहां सीमित संसाधनों के बीच बच्चों की परवरिश हो रही थी। बच्चे की लगातार जिद से तंग आकर आरोपी पिता ने आक्रोश में रसोई का चाकू उठाकर उसकी बाईं पसली में वार कर दिया। घटना के तुरंत बाद उसे पछतावा हुआ और वह खुद बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस ने आरोपी पिता ए. रॉय को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से दिहाड़ी मजदूर है और उसने अपराध में प्रयुक्त चाकू पुलिस को सौंप दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और फॉरेंसिक टीम के साथ आगे की जांच जारी है। यह घटना ना सिर्फ एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि गुस्सा पल भर में कैसे अनर्थ कर सकता है।
एडिशनल डीसीपी साउथ वेस्ट ऐश्वर्या सिंह ने बताया, “कल हमें सूचना मिली थी कि एक 10 साल के बच्चे की चाकू घोंप दिए जाने से मौत हो गई। मामले में आरोपी मृतक के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाप बेटे के बीच कुछ कहासुनी हो गई थी, जिसकी वजह से पिता को गुस्सा आया और उसने यह कदम उठाया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।