राज्यसभा सांसद संजय सिंह की भावुक अपील: SMA टाइप-1 से पीड़ित युवांश को चाहिए जीवनदान
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (28 जून 2025): राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने शनिवार को एक भावुक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा पुलिसकर्मी राजेश कुमार के 8 महीने के बेटे युवांश के इलाज के लिए देशवासियों से आर्थिक सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि मासूम युवांश SMA टाइप-1 नामक दुर्लभ और जानलेवा बीमारी से जूझ रहा है, जिसका इलाज बेहद महंगा है। इस बीमारी के इलाज के लिए आवश्यक इंजेक्शन की कीमत 14 करोड़ रुपये से अधिक है। संजय सिंह ने कहा, “गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार का यह बच्चा सिर्फ इसलिए ना मरे क्योंकि उसके पास पैसे नहीं हैं यह हम सभी के लिए शर्म की बात होगी।”
संजय सिंह ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के सभी पुलिसकर्मियों से अपील की है कि वे अपनी एक दिन की तनख्वाह युवांश की मदद के लिए दें। सांसद ने इस पहल को देशव्यापी बनाने की अपील करते हुए अन्य राज्यों की पुलिस, आम नागरिकों और राजनेताओं से भी सहयोग की गुहार लगाई। सिंह ने कहा कि वह स्वयं भी युवांश की मदद के लिए 50,000 रुपये अपनी आगामी सैलरी से देंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से विशेष अपील की कि वे इस बच्चे के इलाज के लिए हस्तक्षेप करें।
संजय सिंह ने कहा कि यदि समय रहते इंजेक्शन नहीं लगाया गया, तो युवांश की जीवन प्रत्याशा मात्र ढाई साल तक सीमित रह जाएगी। उन्होंने बताया कि SMA टाइप-1 से पीड़ित बच्चों का धीरे-धीरे शरीर पर नियंत्रण समाप्त होने लगता है, और अंततः वे सांस भी नहीं ले पाते। सिंह ने कहा कि वह इस मुद्दे को संसद में भी उठा चुके हैं और भारत में ऐसी दवाइयों को अधिक सुलभ और सस्ती बनाने की नीति बनाने की मांग दोहराई।
युवांश के माता-पिता ने मीडिया के जरिए जनता से मदद की अपील करते हुए कहा कि यह जंग अकेले उनके बस की नहीं है। उन्होंने QR कोड और बैंक डिटेल्स प्रेस को साझा करते हुए कहा कि “हर एक छोटा योगदान भी हमारे बेटे के लिए जिंदगी का तोहफा बन सकता है।” इस अपील के बाद सोशल मीडिया पर युवांश के लिए सहयोग की लहर देखी जा रही है, और कई संगठनों ने भी मदद का आश्वासन दिया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।