AAP का BJP पर हमला: ढाई साल बाद हुई MCD बैठक में जनता के मुद्दे नदारद, मीडिया को भी बाहर किया गया

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (27 जून 2025): आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम की ढाई साल बाद हुई स्टैंडिंग कमेटी बैठक को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि बैठक में सफाई व्यवस्था, कंसेशनरी एजेंसी, और बजट जैसे बुनियादी मुद्दों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्टैंडिंग कमेटी अध्यक्ष सत्या शर्मा ने एजेंडे में जनता से जुड़ी समस्याओं को शामिल नहीं किया, जबकि एमसीडी के चारों जोनों में हालत बदतर हो चुकी है।

नारंग ने कहा कि “आप” के प्रयासों से ही स्टैंडिंग कमेटी का गठन हो सका, लेकिन पहली ही बैठक में जनता की उम्मीदों को नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सेंट्रल जोन में दो साल से कोई सफाई एजेंसी नहीं है, टिपर और गाड़ियों की संख्या में भारी कमी आई है, और वेस्ट जोन में पुराने वाहनों के भरोसे व्यवस्था चल रही है।

इतना ही नहीं, नारंग ने इस बात पर भी नाराज़गी जताई कि बैठक से मीडिया को बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता जरूरी है, लेकिन बीजेपी सरकार ने “चौथे स्तंभ” को ही दरकिनार कर दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि जब आम आदमी पार्टी सत्ता में थी, तब हर पार्षद को ₹1.55 करोड़ का बजट मिलता था, लेकिन अब सिर्फ ₹25 लाख दिए जा रहे हैं, जिससे जनता की समस्याओं का समाधान असंभव हो गया है।

नारंग ने मांग की कि अनधिकृत कॉलोनियों, जेजे क्लस्टर और झुग्गी बस्तियों के लिए भी समुचित बजट दिया जाए, नहीं तो जनता का भरोसा बीजेपी से पूरी तरह उठ जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।