भाजपा चेयरमैन पर महिला पार्षद ने लगाए अश्लीलता और 70 लाख की रिश्वत के गंभीर आरोप!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, (22 जून 2025): दिल्ली नगर निगम के साउथ जोन चेयरमैन उमेद फोगाट पर भाजपा की ही महिला पार्षद ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को एक प्रेसवार्ता कर दावा किया कि महिला पार्षद अनीता सिंघल ने फोगाट पर अश्लील बातें करने और भाजपा को चेयरमैन पद के लिए 70 लाख रुपए की रिश्वत देने का आरोप लगाया है।

भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा इस पूरे प्रकरण को दबाने की कोशिश कर रही है और मेयर राजा इकबाल सिंह द्वारा जारी सफाई पत्र फर्जी है। उन्होंने कहा कि महिला पार्षद आमतौर पर अपने दस्तावेज़ों में सिर्फ “अनीता” हस्ताक्षर करती हैं, जबकि मेयर द्वारा दिखाए गए पत्र में “अनीता सिंघल” लिखा है, जिससे पत्र की वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि महिला पार्षद का शिकायत पत्र कुछ देर के लिए उनके व्हाट्सएप स्टेटस पर भी अपलोड किया गया था और यह कई लोगों को फॉरवर्ड भी हुआ। भारद्वाज ने यह भी खुलासा किया कि यह पूरा विवाद उस वक्त और गरमा गया जब भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के घर पर आयोजित लंच में महिला पार्षद के पति और चेयरमैन फोगाट के बीच हाथापाई तक हो गई। इस झगड़े का वीडियो अब सार्वजनिक डोमेन में वायरल हो रहा है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा, “भाजपा भ्रष्टाचार की जांच नहीं कराना चाहती। यह सिर्फ दाल में काला नहीं, पूरी दाल काली है। अगर भाजपा में ईमानदारी होती तो आरोपों की जांच होती, लेकिन उल्टा फर्जी पत्र जारी कर मामले को दबाया जा रहा है।”

AAP ने इस पूरे मामले की CBI जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए कहा है कि भाजपा महिला पार्षद को दबाव में ले रही है, और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।