दिल्ली में कोरोना के 21 नए केस, एक्टिव मरीजों की संख्या 686

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08 जून 2025): दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर हल्का इजाफा देखने को मिल रहा है। राजधानी में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 21 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 132 मरीज संक्रमण से ठीक होकर घर लौटे हैं। राहत की बात यह रही कि इस अवधि में कोरोना से किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मौजूदा हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। रविवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 686 हो गई है।

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि जो मरीज वर्तमान में कोरोना संक्रमित हो रहे हैं, उनमें से अधिकतर या तो पहले से किसी बीमारी से ग्रसित हैं या उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है। इसलिए विशेष रूप से बुजुर्गों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। फिलहाल JN.1 वेरिएंट के कारण संक्रमण फैल रहा है, जो ओमिक्रॉन का ही एक सब-वेरिएंट माना जा रहा है। इस वेरिएंट के कारण गंभीर बीमारी की संभावना कम है और अधिकांश मरीज होम आइसोलेशन में ही ठीक हो रहे हैं।

JN.1 वेरिएंट के लक्षण सामान्य फ्लू जैसे हैं। संक्रमित व्यक्ति को खांसी, हल्का बुखार, जुकाम, गले में खराश, सिरदर्द, थकान और गंध या स्वाद में कमी की शिकायत हो सकती है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि यह वेरिएंट पहले के वेरिएंट्स की तुलना में अधिक तेजी से फैलता है, लेकिन इसकी तीव्रता काफी कम है। यही कारण है कि मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और वे घर पर ही ठीक हो रहे हैं।

जनवरी 2025 से अब तक दिल्ली में 1024 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं, जबकि इस दौरान कुल 7 मौतें दर्ज की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि वे सतर्क रहें, लेकिन घबराएं नहीं। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने, बार-बार हाथ धोने और भीड़ से बचने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने दोहराया है कि इस समय जरूरत है जागरूकता और सावधानी की, ताकि संक्रमण की चेन को रोका जा सके और स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।