बकरीद पर अवैध कुर्बानी या पशु क्रूरता बर्दाश्त नहीं, क्या बोले मंत्री कपिल मिश्रा?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 जून 2025): दिल्ली सरकार ने आगामी बकरीद को देखते हुए सार्वजनिक व्यवस्था और पशु कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक सख्त एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बकरीद के दौरान केवल पहले से निर्धारित स्थलों पर ही कुर्बानी दी जा सकेगी। गली-मोहल्लों, सड़कों या सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी देने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि गाय, बछड़ा, ऊंट आदि जानवरों की कुर्बानी पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।

सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में यह भी कहा गया है कि कुर्बानी से संबंधित कोई भी फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना पूरी तरह से निषिद्ध होगा। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि सरकार का मानना है कि इस तरह की पोस्ट से सांप्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है।

दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली में अवैध रूप से पशुओं की कुर्बानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पशु कल्याण हमारे समाज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और हर त्योहार को मनाते समय इस संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाना चाहिए। कपिल मिश्रा ने अपील की कि बकरीद को शांति और सादगी से मनाया जाए तथा सभी लोग सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मंत्री ने यह भी कहा कि यदि किसी को कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। सरकार ने साफ किया है कि नियमों के उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस सख्त एडवाइजरी का उद्देश्य न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और पशु कल्याण सुनिश्चित करना भी है। सरकार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं और दिल्ली को शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रखने में सहयोग करें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।