पत्नी से विवाद के बाद साले ने किया जीजा पर डंडों से हमला, अस्पताल में भर्ती
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (27 मई 2025): गौतमबुद्धनगर जिले के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जब पत्नी से कहासुनी के बाद उसके भाइयों ने मिलकर पति की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज जिम्स अस्पताल में चल रहा है।
घटना सोमवार रात की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहू लंबे समय से किसी अज्ञात व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत किया करती थी। परिवार द्वारा कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं मानी।
सोमवार रात जब पति ने उसे दोबारा फोन पर बात करने से रोका, तो इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद महिला ने अपने भाइयों को घर बुला लिया। आरोप है कि भाइयों ने घर पहुंचते ही पति पर डंडों से हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। घायल युवक को आनन-फानन में जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह तीन दिन से उपचाराधीन है। पीड़ित की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में IPC की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद से क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा गर्म है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना समाज के लिए चिंता का विषय है। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है।कि पारिवारिक मतभेदों को समय रहते शांतिपूर्वक सुलझाना कितना जरूरी है, वरना उनका परिणाम गंभीर हो सकता है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।