नई दिल्ली (20 मई 2025): दिल्ली विधानसभा और नगर निगम चुनावों में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए स्टूडेंट विंग की घोषणा की है। मंगलवार को पार्टी ने ‘असोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स’ (ASAP) नाम से छात्र संगठन की शुरुआत की। इस मौके पर कांस्टीट्यूशन क्लब में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और चर्चित शिक्षक से नेता बने अवध ओझा शामिल हुए। ASAP का लोगो भी इसी कार्यक्रम में जारी किया गया।
छात्र राजनीति के जरिए युवाओं को जोड़ने की रणनीति
AAP का यह नया छात्र संगठन दिल्ली यूनिवर्सिटी, जेएनयू और अन्य विश्वविद्यालयों में सक्रिय राजनीति करेगा। पार्टी की योजना है कि यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव ASAP के जरिए लड़े जाएं ताकि वैकल्पिक राजनीति की सोच को कैंपस तक पहुंचाया जा सके। मनीष सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा, “ASAP सिर्फ नाम नहीं, एक संदेश है कि अब देरी की गुंजाइश नहीं है। हमें युवाओं को नेतृत्व देना है, तेजी से और दृढ़ता के साथ।” उन्होंने कहा कि जहां चुनाव होते हैं वहां जीत दर्ज करनी है और जहां नहीं होते, वहां विचारों के जरिए बदलाव लाना है।
राजनीतिक संकट के बीच युवाओं पर फोकस
AAP ने यह कदम ऐसे समय पर उठाया है जब पार्टी के शीर्ष नेताओं को जेल और चुनावी हार जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में दस साल की सत्ता के बाद पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा, यहां तक कि अरविंद केजरीवाल और सिसोदिया अपनी सीटें नहीं बचा पाए। वहीं एमसीडी में भी पार्टी सत्ता से बाहर हो चुकी है। इस मुश्किल दौर में पार्टी ने युवाओं को केंद्र में रखकर अपनी खोई ज़मीन को फिर से हासिल करने की योजना बनाई है।
राष्ट्रीय विस्तार की नई स्कीम में ASAP की अहम भूमिका
AAP अब पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। ASAP के जरिए पार्टी कैंपस पॉलिटिक्स को एक नई दिशा देने और विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाने की कोशिश करेगी। पार्टी मानती है कि देश के बदलाव की बुनियाद विश्वविद्यालयों में रखी जाती है और इसी सोच के तहत ASAP को लॉन्च किया गया है। आने वाले समय में यह विंग राष्ट्रीय स्तर पर युवा राजनीति का एक बड़ा चेहरा बन सकता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।