नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने किया 2.39 करोड़ रुपये की डिजिटल ठगी करने वाले दो ठगों गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क 

नोएडा‌ (15 मई 2025): नोएडा की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर 2.39 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुकेश सक्सेना और अनीस अहमद हैं।
कैसे हुई ठगी:
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने 18 मार्च 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर उससे 2,39,16,700 रुपये ठग लिए गए। मामले की जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कर 6.72 लाख रुपये की राशि को सुरक्षित किया गया है, जिसे पीड़ित को रिफंड करने की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपी कौन हैं:
1.मुकेश सक्सेना, उम्र 50 वर्ष, निवासी श्री कृष्णा कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद।
2.अनीस अहमद, उम्र 39 वर्ष, निवासी धीमरी रोड, थाना कटघर, मुरादाबाद।
पुलिस की पूछताछ में मुकेश सक्सेना ने बताया कि वह अकाउंट्स का काम करता है और आर्थिक तंगी के चलते अनीस अहमद के संपर्क में आया। अनीस उसे कमीशन पर करंट अकाउंट्स दिलवाता था, जिन्हें बाद में साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किया जाता था। मुकेश के खाते में 18 लाख रुपये ठगी की रकम आई थी, जिसे दोनों आरोपियों ने आपस में बांट लिया।
अन्य खुलासे:
जांच में यह भी सामने आया है कि अनीस अहमद के खातों से जुड़े करीब 12 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की 15 शिकायतें NCRP पोर्टल पर दर्ज हैं। ये शिकायतें दिल्ली, झारखंड, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु और तेलंगाना से हैं।
वहीं, मुकेश सक्सेना के खातों से संबंधित 2 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की 18 शिकायतें सामने आई हैं। इनकी शिकायतें दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, वेस्ट बंगाल सहित कई राज्यों से मिली हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
साइबर क्राइम से बचाव के लिए सुझाव:
नोएडा पुलिस ने आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचने के लिए कुछ जरूरी सुझाव भी दिए हैं:
1.किसी अनजान नंबर से वीडियो कॉल या वर्दी में पुलिस अधिकारी की बातों पर यकीन न करें।
2.अगर कोई पार्सल या दस्तावेज के नाम पर धमकी दे, तो पहले स्थानीय थाने में संपर्क करें।
3.सरकारी एजेंसियां फोन पर मनी लॉन्ड्रिंग या हवाला की जानकारी नहीं देतीं – ऐसे कॉल से सतर्क रहें।
4.किसी भी अनजान कॉल पर बैंक डिटेल्स साझा न करें।
5.अपने बैंक खाते से जुड़ी किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत संबंधित बैंक में रिपोर्ट करें।
6.परिवार और करीबी लोगों को ऐसे किसी भी कॉल या धमकी की जानकारी जरूर दें।
नोएडा साइबर सेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।