न्यू नोएडा में जमीन माफियाओं का गढ़: अवैध प्लॉटिंग और निर्माण ने बढ़ाया खतरा!

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (15 दिसंबर 2024): न्यू नोएडा के विकास की घोषणा के बाद से यह इलाका जमीन माफियाओं की गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। जमीन माफिया किसानों से औने-पौने दाम में जमीन खरीदकर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण का गोरखधंधा तेजी से कर रहे हैं। इस काम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कुछ अधिकारियों, राजनेताओं और कॉलोनाइजर्स की मिलीभगत की बात सामने आ रही है, जिससे इलाके का योजनाबद्ध विकास खतरे में पड़ गया है।

किसानों से सस्ती जमीन खरीदने का खेल

आनंदपुर गांव के किसानों के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एक चपरासी और दो मैनेजर स्तर के अधिकारियों ने यहां 100 बीघा जमीन बेहद कम कीमत में खरीदी है। बताया जा रहा है कि इंडस्ट्री विभाग में तैनात यह चपरासी अपनी सरकारी नौकरी और प्राधिकरण में प्रभाव का इस्तेमाल कर इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहा है। इससे प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

राजनीति और कॉलोनाइजर्स का गठजोड़

सूत्रों का दावा है कि समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता और प्रदेश सचिव ने कॉलोनाइजर्स के साथ मिलकर नई बस्ती और बहरामपुर गांवों में अवैध कॉलोनियां बसाने का काम शुरू कर दिया है। जमीन खरीदने के बाद बाउंड्रीवॉल और छोटे कमरे बनाकर इन्हें पुरानी आबादी की श्रेणी में दिखाने की कोशिश हो रही है, ताकि प्राधिकरण के नियमों को दरकिनार कर इन पर कब्जा जमाया जा सके।

अवैध निर्माण और मास्टरप्लान पर खतरा

न्यू नोएडा के दर्जनों गांवों में खेतों को चारदीवारी से घेरकर अवैध वेयरहाउस बनाए जा रहे हैं। इन निर्माण कार्यों में हजारों मजदूर जुटे हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह गतिविधियां न केवल न्यू नोएडा के मास्टरप्लान को प्रभावित कर सकती हैं, बल्कि समग्र विकास में बाधा बन सकती हैं।

किसानों का विरोध और आंदोलन की चेतावनी

इन घटनाओं से किसानों में आक्रोश है। उनका कहना है कि अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगी तो वे आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे। किसानों ने चेतावनी दी कि इस अनियंत्रित जमीन खरीद-फरोख्त से भविष्य में प्राधिकरण के लिए जमीन अधिग्रहण मुश्किल हो जाएगा, जिससे न्यू नोएडा का विकास धीमा पड़ सकता है।

विशेषज्ञों की राय और प्रशासन की भूमिका

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इन अवैध गतिविधियों पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो न्यू नोएडा एक सुनियोजित शहर बनने से पहले ही अराजकता का केंद्र बन जाएगा। प्रशासन और प्राधिकरण को इस पर सख्त कार्रवाई करनी होगी। पारदर्शी व्यवस्था लागू कर ही न्यू नोएडा को नोएडा और ग्रेटर नोएडा की तरह एक विकसित और योजनाबद्ध शहर के रूप में उभारा जा सकता है।।

 


hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल’ को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।