ODOP योजना को मिला विस्तार: योगी सरकार ने 12 नए उत्पाद किए शामिल, अब कुल 74 उत्पाद बने प्रदेश की शान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

उत्तर प्रदेश (12 मई 2025): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की महत्वाकांक्षी ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। सरकार ने इस योजना में 12 और नए उत्पादों को शामिल कर प्रदेश की समृद्ध विरासत और शिल्प कौशल को वैश्विक मंच पर चमकाने का निर्णय लिया है। पहले ओडीओपी योजना में 62 उत्पाद शामिल थे, जो अब बढ़कर 74 हो गए हैं।

एमएसएमई विभाग के सचिव प्रांजल यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच और दृढ़ संकल्प के चलते आज ओडीओपी योजना पूरे देश में एक मॉडल के रूप में उभरी है। अन्य राज्यों ने भी इसे अपनाकर अपनी स्थानीय विशेषताओं को पहचान दिलाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ओडीओपी योजना ने प्रदेश के पारंपरिक उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय शिल्पियों और उद्यमियों के लिए रोज़गार के नए अवसर पैदा किए हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिली है।

सरकार ने जिन नए उत्पादों को ओडीओपी में शामिल किया है उनमें बागपत के एग्रीकल्चरल इम्पलीमेंट्स एंड रिलेटेड एसेसिरीज, सहारनपुर के होजरी उत्पाद, फिरोजाबाद के फूड प्रोसेसिंग उत्पाद, गाजियाबाद के मैटल उत्पाद और टेक्सटाइल एंड अपेरल, अमरोहा के मैटल एवं वुडन हैंडीक्राफ्ट, आगरा के पेठा उद्योग व विभिन्न प्रकार के फुटवेयर, हमीरपुर के मैटल उत्पाद, बरेली के लकड़ी के उत्पाद, एटा के चिकोरी उत्पाद, प्रतापगढ़ का खाद्य प्रसंस्करण, बिजनौर के ब्रश और संबंधित उत्पाद तथा बलिया का सत्तू उत्पाद शामिल हैं।

ओडीओपी योजना के अंतर्गत पहले से ही कई उत्पादों ने वैश्विक स्तर पर उत्तर प्रदेश की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया है। बनारस की साड़ी, भदोही के कालीन, कन्नौज का इत्र, आगरा के जूते, अलीगढ़ के ताले, सहारनपुर की वुड कर्विंग, आगरा के चमड़ा व संगमरमर उत्पाद, बरेली के जरी-जरदोजी और स्वर्णकारी कला, तथा बिजनौर की काष्ठ कला जैसे उत्पादों ने न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में अपनी पकड़ मजबूत की है बल्कि निर्यात में भी कई गुना वृद्धि दर्ज की है।

अमरोहा की जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जानकारी दी कि अमरोहा के प्रसिद्ध ढोलक और रेडीमेड गारमेंट्स को पहले ही ओडीओपी योजना में शामिल किया गया था। अब जिले के मैटल एवं वुडन हैंडीक्राफ्ट उत्पादों को भी योजना में शामिल कर अमरोहा के शिल्प और उद्योग को नई उड़ान दी गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय अमरोहा के तेज़ी से विकास और वैश्विक पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओडीओपी योजना ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में ठोस कदम साबित हो रही है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।