संसद हमले की बरसी पर दिल्ली BJP का सवाल: आतिशी मार्लेना अपने माता-पिता की भूमिका पर दें जवाब
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (13 दिसंबर, 2024):
आज संसद हमले की 23वीं बरसी पर पूरा देश शहीद जवानों और संसद कर्मियों की शहादत को नमन कर रहा है। इसी मौके पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना पर सवाल उठाते हुए एक बड़ा बयान दिया।
सचदेवा ने कहा कि देश की जनता संसद हमले के षड्यंत्रकारी अफजल गुरु की घिनौनी भूमिका को भुला नहीं सकती। ऐसे में दिल्ली की जनता यह चाहती है कि आतिशी मार्लेना संसद हमले की निंदा करें और इस साजिश में शामिल दोषियों के प्रति अपना रुख स्पष्ट करें।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब-जब संसद हमले की बरसी आती है, दिल्ली की जनता के मन में मार्लेना के माता-पिता विजय सिंह और त्रिपता वाही की भूमिका को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ने संसद हमले के दोषियों, विशेषकर अफजल गुरु के बचाव में बयान दिए थे और राष्ट्रपति को उनके पक्ष में याचिका भी प्रस्तुत की थी।
आतिशी मार्लेना जनता के सवालों का दें जवाब
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज दिल्ली की जनता आतिशी से उम्मीद करती है कि वह संसद हमले के दोषियों के बचाव में अपने माता-पिता द्वारा उठाए गए कदमों पर जवाब दें। साथ ही, इस गंभीर मुद्दे पर अपने विचार स्पष्ट करें।
शहीदों की शहादत का करें सम्मान
उन्होंने कहा कि इस दुखद दिन पर, जब पूरा देश शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दे रहा है, दिल्ली की मुख्यमंत्री को इस हमले की कड़ी निंदा करनी चाहिए और देश के प्रति अपनी निष्ठा को व्यक्त करना चाहिए।
दिल्ली भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर जनता से भी अपील की है कि वे शहीदों की शहादत को याद रखते हुए जिम्मेदार नेताओं से जवाबदेही की मांग करें।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।