नई दिल्ली (24 अप्रैल, 2025): दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी (AAP) ने कल होने वाले मेयर चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने जनता से जुड़े अहम फैसलों को रोका और निगम अधिकारियों पर दबाव बनाकर लोकतंत्र को कमजोर किया।
एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP के वरिष्ठ नेता – नेता सदन मुकेश गोयल, निगम पार्षद अंकुश नारंग और पूर्व मेयर शैली ओबेरॉय – ने भाजपा को कठघरे में खड़ा किया। शैली ओबेरॉय ने कहा, “2022 में जब दिल्ली नगर निगम के चुनाव होने थे, भाजपा ने परिसीमन की साजिश रची। लेकिन जनता ने AAP को जिताया। फिर मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में भी भाजपा ने नियमों की अनदेखी की, और कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ही चुनाव हो सका।”
उन्होंने बताया कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने निगम कर्मचारियों को नियमित करने और हाउस टैक्स में राहत देने के दो अहम प्रस्ताव सदन में पास किए। लेकिन भाजपा ने निगम आयुक्त पर दबाव डालकर उन्हें लागू नहीं होने दिया।
मुकेश गोयल ने कहा, “हमने जनता को राहत देने के कई प्रस्ताव लाए, लेकिन भाजपा ने बार-बार रोड़ा अटकाया। आज जनता पर यूजर चार्ज का बोझ डाल दिया गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि अब जब केंद्र, LG और निगम – तीनों जगह भाजपा की सरकार है, तो जनता को जवाब देना उनका काम है।
AAP ने साफ किया कि अब वह विपक्ष की भूमिका निभाएगी और मेयर चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। पार्टी का कहना है कि भाजपा को अब खुद दिखाना होगा कि वह जनता के लिए क्या कर सकती है।
“हमारा बहिष्कार जनता के साथ धोखा करने वालों को जवाब है,” – शैली ओबेरॉय.
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।