2027 तक दिल्ली का पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह होगा EV बेस्ड: सीएम रेखा गुप्ता
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (19 अप्रैल 2025): राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने घोषणा की है कि 2027 तक दिल्ली का पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह इलेक्ट्रिक व्हीकल आधारित होगा। भारत मंडपम में आयोजित राइड एशिया एक्सपो के उद्घाटन मौके पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है, और इलेक्ट्रिक वाहन इस दिशा में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है। एक्सपो का आयोजन 18 से 20 अप्रैल तक किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार की योजना सिर्फ इलेक्ट्रिक बसों तक सीमित नहीं है, बल्कि ई-ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट विकल्पों को भी पूरी तरह इलेक्ट्रिक करने पर काम चल रहा है। उन्होंने ईवी निर्माताओं को दिल्ली में उत्पादन इकाइयां शुरू करने या पंजाब से इलेक्ट्रिक उत्पाद मंगवाकर दिल्ली में बेचने का न्योता भी दिया। सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार ईवी खरीदने वालों को सब्सिडी भी दे रही है ताकि अधिक से अधिक लोग इस बदलाव का हिस्सा बनें।
रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि दिल्ली की जनता ने उन लोगों को दरकिनार किया है जिन्होंने पहले शहर को बर्बादी की ओर धकेला था। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी उसमें अहम भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को इलेक्ट्रिक वाहन का राष्ट्रीय हब बनाने के लिए सरकार चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार कर रही है।
राइड एशिया एक्सपो में इस साल विशेष तौर पर इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग पर ध्यान केंद्रित किया गया है। आयोजकों के अनुसार यह अब तक का देश का सबसे बड़ा और व्यापक ईवी एक्सपो है। इसमें भारत सहित 10 से अधिक देशों की ईवी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं, जो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, ई-रिक्शा, कारें और अत्याधुनिक तकनीक जैसे बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, मोटर्स और ड्राइव सिस्टम का प्रदर्शन कर रही हैं। आयोजन का उद्देश्य न सिर्फ तकनीक को प्रदर्शित करना है, बल्कि निवेश और नीति निर्माताओं को भी जोड़ना है।
भारत सरकार के शून्य-उत्सर्जन ट्रांसपोर्ट मिशन को समर्थन देते हुए एक्सपो में लिथियम-आयन, सॉलिड स्टेट और अन्य नई बैटरी तकनीकों के लिए विशेष मंडप बनाए गए हैं। ईवी एसोसिएशनों के समर्थन से यह मंच सरकार, उद्योग और उपभोक्ताओं को एक साथ जोड़ने का कार्य कर रहा है। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। उन्होंने भी ईवी को भविष्य का ट्रांसपोर्ट विकल्प बताते हुए इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग की बात कही।
दिल्ली सरकार का यह निर्णय न केवल राजधानी की वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि पूरे देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करेगा। रेखा गुप्ता के नेतृत्व में चल रहे इस ईवी अभियान से दिल्लीवासियों को न सिर्फ पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का विकल्प मिलेगा, बल्कि रोजगार, निवेश और तकनीकी विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।