यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, डेंटल कॉलेज के जनरल मैनेजर की दर्दनाक मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (14 अप्रैल 2025): यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेंटल कॉलेज के जनरल मैनेजर की जान चली गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी रोहित राज अपनी कार से आगरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार जेवर कोतवाली क्षेत्र में पहुंची, वह एक ट्रक से पीछे से टकरा गई।

हादसे की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रोहित की कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के वाहन चालक भी घबरा गए। जैसे ही पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रोहित को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर UP65 LT 6279 बताया जा रहा है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब इस मामले में ट्रक चालक की गिरफ्तारी और हादसे के कारणों की गहन जांच कर रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।