गोबर से दीवारों पर लेप करती दिखीं DU कॉलेज की प्राचार्य, वायरल वीडियो पर क्या बोली?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14 अप्रैल 2025): दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रत्यूष वत्सला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कॉलेज की कक्षाओं की दीवारों पर गोबर का लेप करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो को लेकर कुछ लोगों ने सवाल उठाए, लेकिन प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि यह कार्य एक वैधानिक शोध परियोजना के तहत किया जा रहा है।

डॉ. वत्सला ने बताया कि यह प्रयास ‘पारंपरिक भारतीय ज्ञान का उपयोग करके तापीय तनाव नियंत्रण का अध्ययन’ नामक शोध परियोजना का हिस्सा है। इसका उद्देश्य मिट्टी और गोबर जैसे प्राकृतिक तत्वों की मदद से पोर्टा केबिन जैसी कक्षाओं में तापमान को नियंत्रित करना है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक पारंपरिक भारतीय वास्तुशिल्प का हिस्सा रही है और इसे फिर से परखने का प्रयास किया जा रहा है।

प्राचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि यह प्रयोग केवल सीमित क्षेत्रों में किया जा रहा है, विशेष रूप से उन अस्थायी कक्षाओं में जहां गर्मी अधिक महसूस की जाती है। “मैंने स्वयं दीवार पर गोबर का लेप किया ताकि यह संदेश जाए कि ऐसे प्राकृतिक तत्वों से डरने की जरूरत नहीं है,” उन्होंने कहा। उनके मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया वैज्ञानिक दृष्टिकोण से की जा रही है और किसी अंधविश्वास या परंपरागत रीति से प्रेरित नहीं है।

वीडियो में देखा गया कि कॉलेज के अन्य कर्मचारी भी इस प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। डॉ. वत्सला ने कॉलेज के शिक्षकों के साथ साझा किए गए एक संदेश में लिखा कि इन प्रयासों का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को एक बेहतर, ठंडा और अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिन कक्षाओं में यह प्रयोग चल रहा है, वे जल्द ही विद्यार्थियों को नए स्वरूप में मिलेंगी।

सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोगों ने इस प्रयोग का मजाक उड़ाया, वहीं कई लोगों ने इसे भारतीय पारंपरिक ज्ञान के पुनर्प्रयोग के रूप में सराहा है। प्राचार्य के अनुसार, अधूरी जानकारी के आधार पर बनी धारणाएं गलतफहमियों को जन्म देती हैं, जबकि इस प्रयोग का उद्देश्य शुद्ध रूप से पर्यावरणीय और शैक्षणिक है।

लक्ष्मीबाई कॉलेज की यह पहल उच्च शिक्षा में सतत और पारंपरिक संसाधनों के उपयोग की दिशा में एक अनोखा प्रयास माना जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह मामला अब शैक्षणिक जगत में बहस का विषय बनता जा रहा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।