गोल्ड लोन नियमों में बड़ा बदलाव, समय पर सोना न लौटाने पर अब लगेगा रोज़ाना ₹5000 का जुर्माना
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (10 अप्रैल 2025): आरबीआई ने गोल्ड लोन से जुड़े नियमों को लेकर बड़ा फैसला लिया है, जिससे ग्राहकों को अधिक पारदर्शिता और सुरक्षा मिल सकेगी। नए दिशा निर्देशों के तहत अब अगर कोई वित्तीय संस्था ग्राहक से गोल्ड लोन चुकता होने के बावजूद तय समय में सोना वापस नहीं करती, तो उसे प्रति दिन ₹5000 के हिसाब से जुर्माना देना होगा। यह कदम उन शिकायतों के मद्देनजर लिया गया है, जिनमें लोन चुकाने के बाद भी लोगों को समय पर उनका सोना नहीं लौटाया गया।
बुधवार को आरबीआई की ओर से जारी मसौदे में कहा गया है कि अब ग्राहक अधिकतम एक किलोग्राम ज्वेलरी के बदले ही लोन ले सकेगा। यह सोना या तो बैंक अथवा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त अधिकृत विक्रेता से खरीदा गया होना चाहिए। साथ ही ग्राहक को सोने की रसीद भी प्रस्तुत करनी होगी। अगर किसी ग्राहक के पास बिना रसीद का सोना है, तो वह गोल्ड लोन का पात्र नहीं होगा। केवल अधिकृत स्रोत से खरीदे गए और दस्तावेजी प्रमाणित सोने पर ही अब गोल्ड लोन मिल सकेगा।
नए मसौदे के अनुसार, बैंक या एनबीएफसी अधिकतम 50 ग्राम तक सोने के बदले प्रति ग्राहक ₹500 ग्राम तक का लोन दे सकेंगे। इसके अलावा, अगर सात दिनों के भीतर गिरवी रखा गया सोना नहीं लौटाया गया, तो वित्तीय संस्था को ग्राहक को जुर्माने सहित सूचना देनी होगी। यदि किसी कारणवश सोना चोरी हो जाता है, तो संस्था इसकी भरपाई भी करेगी।
गोल्ड लोन की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए अब ग्राहक को यह भी बताया जाएगा कि उसका सोना कहां और कितने समय के लिए रखा गया है। अगर ग्राहक समय पर लोन चुका देता है, फिर भी वित्तीय संस्था जानबूझकर सोना नहीं लौटाती, तो उसे उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत दंडित किया जाएगा।
आरबीआई का यह मसौदा फिलहाल सुझावों के लिए सार्वजनिक किया गया है और 14 जून तक इससे जुड़े सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि इससे गोल्ड लोन उद्योग में भरोसे की बहाली होगी और ग्राहकों के अधिकारों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
भारत में गोल्ड लोन एक बेहद लोकप्रिय विकल्प है, खासकर छोटे कारोबारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए। ऐसे में नए नियमों से लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है और वित्तीय संस्थाओं पर जिम्मेदारी भी बढ़ेगी कि वे ग्राहक के अमूल्य सामान की पूरी तरह से सुरक्षा करें और समय पर उसे लौटाएं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।