दिल्ली में महिलाओं को बड़ी सौगात: हर महीने मिलेंगे ₹1000

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 दिसंबर 2024): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए महिला सम्मान निधि योजना को मंजूरी देने का ऐलान किया। इस योजना के तहत अब दिल्ली की महिलाओं को हर महीने ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। केजरीवाल ने कहा कि यह योजना आज से लागू हो गई है और इसके लिए महिलाओं को रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद हर महिला के बैंक अकाउंट में यह राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह योजना मेरी बहनों और मांओं के लिए है। यह कोई अहसान नहीं है, बल्कि महिलाओं के योगदान को सम्मान देने का प्रयास है। महिलाएं परिवार चलाती हैं, बच्चों को संस्कार देती हैं और हमारा भविष्य बनाती हैं। उनका सशक्तिकरण हमारी जिम्मेदारी है।”

केजरीवाल ने बताया कि इस योजना को पहले मार्च में लागू करने की योजना थी, लेकिन राजनीतिक अड़चनों के कारण इसमें देरी हुई। उन्होंने कहा, “मुझे बीजेपी वालों ने गलत तरीके से जेल भेज दिया, जिससे योजना में देरी हुई। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद मैंने और आतिशी जी ने इसे प्राथमिकता दी और अब इसे लागू कर दिया गया है।”

दिल्ली सरकार की गुरुवार सुबह हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई। पहले इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹1000 मिलेंगे और 2025 में फिर से अरविंद केजरीवाल की सरकार बनने पर इसे बढ़ाकर ₹2100 कर दिया जाएगा। इस योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा, जिनके पास दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड है। आयकरदाता, सरकारी कर्मचारी, और पेंशन पाने वाली महिलाएं इस योजना के दायरे में नहीं आएंगी।

इस योजना के लिए 2024-25 के बजट में ₹2000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री आतिशी ने बजट पेश करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने की बात कही थी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उनके योगदान को मान्यता देना है।

आगामी चुनावों से पहले इस घोषणा को आम आदमी पार्टी की ओर से एक बड़ा कदम माना जा रहा है। केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हमेशा तत्पर है और यह योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।