नई दिल्ली, (09 अप्रैल 2025): देश के छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) ने बीते दस वर्षों में उनकी आर्थिक स्थिति को नई दिशा दी है। भाजपा सांसद और कैट (CAIT) के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन खंडेलवाल ने इस योजना को व्यापारिक समुदाय के लिए एक ‘गेम चेंजर’ बताया है और कहा कि इससे छोटे व्यापारियों को मजबूती मिली है, जो पहले औपचारिक बैंकिंग सिस्टम से बाहर थे।
खंडेलवाल ने बताया कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों को बैंकिंग ऋण देना था, जिनके पास गारंटी नहीं होती। शिशु, किशोर और तरुण श्रेणियों में वर्गीकृत इस योजना के तहत व्यापारियों को उनकी जरूरत और क्षमता के अनुसार ऋण प्रदान किया गया, जिससे उन्हें व्यवसाय विस्तार, ढांचागत सुधार और कामकाजी पूंजी की पूर्ति में सहायता मिली।
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसने असंगठित क्षेत्र के व्यापारियों को औपचारिक बैंकिंग तंत्र से जोड़ा, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा और विश्वसनीयता में इजाफा हुआ। खंडेलवाल ने विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान इस योजना की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि संकट के समय यह योजना छोटे व्यापारियों के लिए संजीवनी साबित हुई और उन्हें अपने व्यापार को दोबारा खड़ा करने का अवसर मिला।
पिछले 10 वर्षों में लाखों लाभार्थियों ने इस योजना के जरिए अपने व्यवसाय को स्थायित्व और प्रगति की दिशा दी है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है, जो आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर एक मजबूत कदम है।
व्यापारी संगठनों और लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुद्रा योजना ने उन्हें अपने सपनों को साकार करने का मंच दिया है। यह योजना भारत के छोटे व्यापारियों के लिए आर्थिक क्रांति की शुरुआत साबित हुई है, जिसने आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और विकास की नई राहें खोली हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।