एम्स के हॉस्टल में चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, सच्चाई जानकर चौंक जाएंगे आप!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (04 अप्रैल 2025): दिल्ली पुलिस ने एम्स (AIIMS) हॉस्टल में चोरी करने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है, जो डॉक्टर का कोट पहनकर हॉस्टल में दाखिल होती थी और ज्वेलरी चोरी कर फरार हो जाती थी। यह महिला मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा और साइंस में ग्रेजुएट है। पुलिस ने इसके पास से सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट, नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद की है। साथ ही, चोरी में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली गई है।

कैसे पकड़ में आई आरोपी महिला

27 मार्च 2025 को एम्स हॉस्टल में रहने वाली एक महिला डॉक्टर ने हौज खास थाने में ज्वेलरी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच डीसीपी साउथ अंकित चौहान की देखरेख में की गई। पुलिस टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक महिला डॉक्टर का कोट पहने गैलरी में घूमती और कमरों में जाती हुई नजर आई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध महिला की स्कूटी के नंबर के आधार पर गाजियाबाद के बृज विहार में छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया।

कैसे अंजाम देती थी चोरी की वारदात

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि मेडिकल की पढ़ाई के दौरान उसने देखा कि हॉस्टल में रहने वाले डॉक्टरों के कमरे अक्सर अनलॉक रहते हैं। इसके बाद उसने डॉक्टर का सफेद कोट पहनना शुरू किया, ताकि सिक्योरिटी गार्ड को शक न हो। वह दिन के समय हॉस्टल में घुसती थी, जब ज्यादातर डॉक्टर ड्यूटी पर होते थे, और फिर मौका देखकर ज्वेलरी चोरी कर स्कूटी से फरार हो जाती थी। पूछताछ में आरोपी महिला ने कबूल किया कि उसे ज्वेलरी पहनने का बहुत शौक था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह अपना यह शौक पूरा नहीं कर पा रही थी। इसी वजह से उसने एम्स हॉस्टल को निशाना बनाते हुए चोरी करने का फैसला किया। पुलिस ने इसके पास से चोरी की गई सोने की चेन, अंगूठी, कान की बालियां, ब्रेसलेट और नकदी बरामद कर ली है।

एम्स हॉस्टल की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने एम्स हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी महिला ने इससे पहले भी ऐसी कोई वारदात की है या नहीं। वहीं, एम्स प्रशासन ने हॉस्टल की सुरक्षा को और कड़ा करने के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की योजना बनाई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।