छात्र राजनीति से मुख्यमंत्री तक: रेखा गुप्ता ने DU में सुनाई अपनी संघर्ष गाथा
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (04 अप्रैल, 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय में एक सम्मान समारोह में हिस्सा लिया और अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने दौलत राम कॉलेज में बिताए दिनों को याद करते हुए बताया कि किस तरह कॉलेज में हड़ताल के कारण पूरा साल क्लास नहीं हुई और इसी दौरान उनका छात्र राजनीति से जुड़ाव हुआ।
रेखा गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 85% अंकों के साथ कॉलेज में प्रवेश लिया था और अपनी मां के कहने पर केवल गर्ल्स कॉलेज में एडमिशन लिया। लेकिन हड़ताल के चलते जब पढ़ाई नहीं हो पाई तो वे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) से जुड़ गईं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जॉइन किया और धरना-प्रदर्शन में शामिल होने लगीं।
उन्होंने याद किया कि यूनिवर्सिटी के दिनों में स्कूटी पर चलते हुए कई बार एक्सीडेंट हुए, लेकिन तब उन्हें यह नहीं पता था कि भविष्य में वही सड़कों को सुधारने की जिम्मेदारी उनकी होगी। छात्र राजनीति से लेकर पार्षद, विधायक और अब मुख्यमंत्री बनने तक के सफर को उन्होंने संघर्ष और संकल्प का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया और कहा कि दिल्ली सरकार यूनिवर्सिटी से जुड़े किसी भी कार्य को रुकने नहीं देगी। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक पहचान देने के लिए कुलपति योगेश सिंह और उनकी टीम की सराहना की।
रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने “विमेन लेड गवर्नमेंट” की मिसाल पेश की है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र देश का भविष्य हैं और सरकार उनकी शिक्षा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों की यादें साझा करते हुए कहा कि दौलत राम कॉलेज के बाहर भेलपूरी और लेमन सोडा पीने की बातें आज भी उन्हें गुदगुदाती हैं। समारोह के अंत में उन्होंने सभी छात्रों और शिक्षकों से सहयोग की अपील की और कहा कि मिलकर दिल्ली को एक स्वच्छ और विकसित शहर बनाया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।