‘केसरी चैप्टर 2’ फिल्म का ट्रेलर लॉन्च: फिल्म में क्या है खास?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 अप्रैल 2025): बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2 (Kesari Chapter- 2)’ का ट्रेलर आखिरकार दर्शकों के सामने आ चुका है। इस ऐतिहासिक फिल्म का ट्रेलर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के द इंपीरियल होटल में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म के मुख्य अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) , आर माधवन (R. Madhavan) और अनन्या पांडे (Ananya Pandey) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ट्रेलर लॉन्च इवेंट में फिल्म का एक नया पोस्टर भी जारी किया गया, जिसमें प्रमुख कलाकार दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं।

‘केसरी चैप्टर 2’ 18 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म सी शंकरन नायर के जीवन पर आधारित है, जो एक प्रतिष्ठित वकील और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष थे। उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड के पीछे की सच्चाई को उजागर करने के लिए एक ऐतिहासिक कानूनी लड़ाई लड़ी थी। ट्रेलर में जलियांवाला बाग नरसंहार की भयावहता और न्याय की लड़ाई के दृश्यों को दमदार अंदाज में पेश किया गया है, जो दर्शकों को झकझोर कर रख देगा।

ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में फिल्म के निर्माता करण जौहर, अपूर्व मेहता और अमृतपाल बिंद्रा भी मौजूद रहे। साथ ही, फिल्म के निर्देशक करण सिंह त्यागी ने भी इस मौके पर फिल्म के बारे में अहम जानकारियां साझा कीं।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान अक्षय कुमार ने फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “1650 गोलियां, 10 मिनट और एक आदमी, जो इसके खिलाफ दहाड़ता है। भारत को हिला देने वाले भयानक नरसंहार के पीछे की सच्चाई को देखें।” यह फिल्म दर्शकों को एक बार फिर भारतीय इतिहास के उस महत्वपूर्ण अध्याय से रूबरू कराएगी, जिसने देश की स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी।

‘केसरी चैप्टर 2’ के दमदार ट्रेलर ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि 18 अप्रैल 2025 को रिलीज होने के बाद यह फिल्म कितनी बड़ी सफलता हासिल करती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।