लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ी, पटना के पारस अस्पताल में भर्ती

टेन न्यूज नेटवर्क

पटना (02 अप्रैल 2025): बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी तबीयत ब्लड शुगर लेवल बढ़ने के कारण खराब हुई है। पहले उन्हें दिल्ली ले जाने की योजना थी, लेकिन स्वास्थ्य में ज्यादा गिरावट के कारण उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली रवाना किया जा सकता है।

लालू प्रसाद यादव पिछले दो दिनों से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, लेकिन आज उनकी स्थिति और बिगड़ गई। परिवार के सदस्य उन्हें दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वे ऑक्सीजन मास्क लगाए हुए बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं।

यह पहली बार नहीं है जब लालू प्रसाद यादव को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। पिछले साल जुलाई में भी उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने पिछले कुछ सालों में कई बीमारियों का इलाज करवाया है, जिसमें 2022 में सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट भी शामिल है।

2022 में लालू को किडनी की गंभीर बीमारी का पता चला था, जिसके बाद उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने एक किडनी दी थी। 5 दिसंबर 2022 को उनका किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। 2022 में ही वह अपनी पत्नी राबड़ी देवी के आवास में गिर गए थे, जिससे उनके शरीर में कई फ्रैक्चर हो गए थे। घटना के बाद उनका पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चला था। बाद में उन्हें पटना से एयरलिफ्ट करके दिल्ली लाया गया और एम्स अस्पताल में आगे का इलाज कराया गया।

मुंबई में हुई थी एंजियोप्लास्टी

पिछले साल सितंबर में लालू यादव की मुंबई के एक अस्पताल में एंजियोप्लास्टी की गई थी। इससे पहले, रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल में सजा काटते समय उनके हार्ट की समस्या सामने आई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने स्पेशलिस्ट से इलाज कराने की सलाह दी थी। साल 2021 में ही लालू यादव के हार्ट में समस्या पाई गई थी।

राजनीतिक हलकों में चिंता

लालू यादव की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल बन गया है। पटना में उनके आवास के बाहर समर्थकों और मीडियाकर्मियों की भारी भीड़ जुट गई है। आरजेडी नेताओं ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

फिलहाल लालू यादव का इलाज डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है, लेकिन उन्हें विशेष देखभाल की आवश्यकता है। परिवार के लोग लगातार अस्पताल में मौजूद हैं और डॉक्टरों से परामर्श ले रहे हैं। लालू यादव की सेहत को लेकर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की दुआएं जारी हैं, और सभी उनकी जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।