AAP नेता आतिशी का बड़ा बयान, मंत्री कपिल मिश्रा की गिरफ्तारी की मांग तेज

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली(02 अप्रैल 2025): दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने बीजेपी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2020 के दिल्ली दंगों में जिन-जिन नेताओं पर एफआईआर दर्ज हुई थी, वे सभी तिहाड़ जेल में हैं, लेकिन कपिल मिश्रा को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया। आतिशी ने सवाल उठाया, “जब कोर्ट ने कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है, तो दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है?”

आतिशी ने विधानसभा में जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि यह कानून का दोहरा मापदंड है। उन्होंने कहा, “दिल्ली में दंगे हुए, 53 लोग मारे गए, सैकड़ों घायल हुए, करोड़ों की संपत्ति जलकर खाक हो गई। लेकिन जिन नेताओं पर आरोप लगे, उनमें से अधिकांश जेल में हैं, जबकि कपिल मिश्रा को खुला छोड़ दिया गया है। यह किस तरह का न्याय है?”

आम आदमी पार्टी ने कपिल मिश्रा को मंत्री पद से हटाने की भी मांग की है। आतिशी ने कहा, “हम कपिल मिश्रा की तुरंत गिरफ्तारी और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। दिल्ली में कोई दंगाई मंत्री नहीं हो सकता। अगर सरकार कानून का पालन करती है, तो उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए।” आतिशी ने दिल्ली पुलिस पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, “दिल्ली पुलिस को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए। यदि अन्य नेताओं को गिरफ्तार किया जा सकता है, तो कपिल मिश्रा को क्यों नहीं? क्या बीजेपी उन्हें बचा रही है?” उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी और जरूरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई भी करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।