भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने किया “ओ.पी.डी. ऑन व्हील्स” मेडिकल वैन का लोकार्पण
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (16 मार्च 2025): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दिल्ली के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता और पूर्व विधायक ओ.पी. बब्बर के 90वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर बब्बर के परिवार द्वारा समाज सेवा के उद्देश्य से तैयार कराई गई विशेष मेडिकल वैन “ओ.पी.डी. ऑन व्हील्स” का लोकार्पण भी किया गया। यह मेडिकल वैन सफाई कर्मियों सहित समाज के जरूरतमंद लोगों के स्वास्थ्य सेवा में समर्पित रहेगी।
इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन “एक काम देश के नाम” संस्था द्वारा किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, संगठन महामंत्री पवन राणा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल, बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह,मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, पंकज सिंह, रविंद्र इंद्राज सिंह एवं एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल भी इस आयोजन में शामिल हुए।
समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, राम भज, पी.के. चांदला, हरशरण सिंह बल्ली, श्याम लाल गर्ग, नंदकिशोर गर्ग, धर्मदेव सोलंकी, वेदव्यास महाजन, सुरेंद्रपाल रातावाल, चांदराम, मूलचंद चावला एवं राजेश गहलोत आदि शामिल रहे, जिन्होंने विभिन्न समयों पर बब्बर के साथ पार्टी संगठन और विधानसभा में कार्य किया।
अपने संबोधन में भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि श्री ओ.पी. बब्बर ने हमेशा निस्वार्थ राजनीति की और संगठन के विस्तार के लिए अनुकरणीय योगदान दिया। उन्होंने कहा, “श्री बब्बर का जीवन हमें समाज सेवा और संगठन के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। आज उनके जन्मदिन पर उनके परिजनों द्वारा समाज के सफाई कर्मियों और जरूरतमंदों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए मेडिकल वैन समर्पित करना यह दर्शाता है कि उनके संस्कारों की विरासत समाज सेवा के रूप में आगे बढ़ रही है।”
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए कहा कि ओ.पी. बब्बर ने विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पार्टी के विस्तार के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। उन्होंने कहा, “आज इस अभिनंदन समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच आकर मैं अभिभूत हूं और श्री ओ.पी. बब्बर के साथ उन सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।”
इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण वह भावनात्मक क्षण था जब भाजपा के वरिष्ठ नेता बब्बर के लंबे राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद कर भावुक हो गए। समारोह के अंत में, “ओ.पी.डी. ऑन व्हील्स” मेडिकल वैन को जनता की सेवा के लिए समर्पित करते हुए इस पहल की सराहना की गई, जो भविष्य में समाज के जरूरतमंद वर्गों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।