शाहजहांपुर में होली जुलूस के दौरान आरएएफ पर पथराव, सुरक्षाबलों ने किया लाठीचार्ज
टेन न्यूज़ नेटवर्क
शाहजहांपुर (14 मार्च 2025): होली के अवसर पर शुक्रवार को निकले पारंपरिक बड़े लाट साहब के जुलूस के दौरान शाहजहांपुर में बवाल हो गया। शहर के घंटाघर इलाके और खिरनीबाग में हुड़दंगियों ने आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) पर पथराव कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया और उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थे।
बड़े लाट साहब का जुलूस परंपरागत रूप से भैंसागाड़ी पर निकाला गया और पूरे शहर में घुमाया गया। जुलूस जैसे ही घंटाघर पहुंचा, वहां भीड़ अधिक हो गई। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने जूते-चप्पल फेंकना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति बिगड़ने लगी। आरएएफ के जवानों ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन खिरनीबाग के जीआईसी खेल मैदान के पास कुछ युवकों ने बल पर अभद्रता करने की कोशिश की। स्थिति को काबू में लाने के लिए आरएएफ को दोबारा लाठीचार्ज करना पड़ा।
इस दौरान ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और पुलिस फोर्स को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया। प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, लेकिन हुड़दंगियों के हमले के कारण हालात बिगड़ गए। पुलिस ने पंखी चौराहा, घंटाघर, सराफा बाजार और बहादुरगंज जैसे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए ताकि जुलूस शांतिपूर्वक अपने गंतव्य तक पहुंच सके।
होली के मौके पर शाहजहांपुर में बड़े लाट साहब की सवारी का आयोजन एक पुरानी परंपरा है। यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरता है और लोग इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में इकट्ठा होते हैं। शुक्रवार की सुबह, लाट साहब की सवारी कूंचा लाला से निकली और चौकसीनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद भैंसागाड़ी पर रवाना हुई। जुलूस विभिन्न मार्गों से होकर शहीद पार्क, एसपी कॉलेज, पंखी चौराहा, सदर बाजार थाना होते हुए कूंचा लाला में संपन्न हुआ।
जुलूस के दौरान धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने उन्हें तिरपाल से ढक दिया और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की, जबकि पुलिस और आरएएफ ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जुलूस के दौरान बवाल करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा बलों के लाठीचार्ज और सतर्कता के चलते स्थिति ज्यादा बिगड़ने से बच गई, लेकिन इस घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी, लेकिन असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है, और पथराव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।