New Delhi News (29 November 2026): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 101वें स्थापना वर्ष के अवसर पर दिल्ली के रोहिणी स्थित समरसता स्थल पर आयोजित ‘राष्ट्र वंदनम’ कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, आर्थिक विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जब भारत आजाद हुआ था, तब पश्चिमी देशों के विशेषज्ञों को भरोसा नहीं था कि यह देश अपना लोकतंत्र कायम रख पाएगा और अर्थव्यवस्था का इतना व्यापक विस्तार कर सकेगा। पश्चिम के लोगों को लगता था कि भारत को चलाने के लिए एक दिन फिर उन्हें ही बुलाया जाएगा। हालांकि, भारत ने अपनी लोकतांत्रिक व्यवस्था और आर्थिक मजबूती से दुनिया की इस धारणा को गलत साबित किया है। भागवत ने कहा कि आज पूरी दुनिया को उम्मीद होने लगी है कि भारत एक बार फिर विश्वगुरु के रूप में अपनी प्रतिष्ठा हासिल करेगा।
मोहन भागवत ने अपने संबोधन में युवाओं की भूमिका और राष्ट्र प्रथम की विचारधारा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का विश्वास राष्ट्र प्रथम में है और वे चाहते हैं कि भारत दुनिया का सबसे अग्रणी देश बने। देश में अलग-अलग विचार और मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भारत का प्रत्येक नागरिक एक ही कुटुंब का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारतीय समाज की विशेषताओं को समझना चाहती है। पश्चिम के लोग यह जानने में रुचि रखते हैं कि भारतीय और विशेष रूप से हिंदू समाज इतना धैर्यवान कैसे है। वे अपनी नई पीढ़ी को भी इस विशेषता से परिचित कराना चाहते हैं। भागवत ने कहा कि हर नागरिक का संकल्प होना चाहिए कि भारत एक बार फिर विश्वगुरु के रूप में स्थापित हो और इसके लिए सभी को सत्य तथा न्याय के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
संघ प्रमुख ने अपने संबोधन में आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संगठन के लिए यह केवल जश्न मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज के लिए और अधिक काम करने की जिम्मेदारी है। भागवत के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में उन्होंने तीन देशों की यात्रा की है और संघ के अन्य पदाधिकारियों ने भी विदेशों में संपर्क अभियान चलाया है। इन यात्राओं के दौरान पांच महाद्वीपों के विभिन्न देशों में भारत, आरएसएस और संगठन के कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य केवल अपनी उपलब्धियों को बताना नहीं, बल्कि दुनिया के सामने भारत की विचारधारा और उसके सामाजिक योगदान को भी प्रस्तुत करना है।
कार्यक्रम में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर संगठन को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके लिए खुशी और गर्व की बात है कि 15 से 20 युवकों के साथ शुरू हुआ संगठन आज दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बन गया है। उन्होंने कहा कि संघ ने अपने मूल उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखी है। खेहर ने आरएसएस के स्वयंसेवकों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि इतिहास इस बात का प्रमाण है कि संकट के समय स्वयंसेवक सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने संगठन के सामाजिक और मानवीय कार्यों की भी सराहना की।
पूर्व सीजेआई खेहर ने अपने संबोधन में 1947 के भारत विभाजन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान आरएसएस के स्वयंसेवकों ने आत्मरक्षा के इंतजाम करने, राहत कार्यों और पंजाब में हिंदुओं तथा सिखों को सुरक्षित निकालने में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि विभाजन के कठिन दौर में स्वयंसेवकों ने लोगों की सहायता की थी। खेहर ने अपने संबोधन में 1984 में दिल्ली में हुए सिख विरोधी नरसंहार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आरएसएस के आधिकारिक प्रकाशनों में स्वयंसेवकों की ओर से सिख परिवारों की रक्षा करने और खतरे में पड़े मोहल्लों की निगरानी करने का उल्लेख मिलता है। उन्होंने लेखक और इतिहासकार खुशवंत सिंह का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने भी सिख परिवारों की मदद और सुरक्षा करने के लिए संघ की सराहना की थी।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। आरएसएस की दिल्ली इकाई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के शताब्दी वर्ष की यात्रा, सामाजिक योगदान और भविष्य की भूमिका पर चर्चा हुई। एक तरफ मोहन भागवत ने भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक से संकल्प लेने का आह्वान किया, वहीं पूर्व सीजेआई जगदीश सिंह खेहर ने संगठन के ऐतिहासिक योगदान और उसकी 100 वर्षों की यात्रा की सराहना की। कार्यक्रम में दिए गए दोनों संबोधन राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।