Greater Noida News (28/11/2026): कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा की ओर से 27 नवंबर 2026 को ‘निधि आपके निकट 2.0’ (Nidhi Aapke Nikat 2.0) के तहत जिला आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नोएडा के सेक्टर-85 स्थित वैदिक कॉस्मेस्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड में आयोजित हुआ, जिसमें नियोक्ताओं और कर्मचारियों को पीएफ निकासी, क्लेम निस्तारण और EPFO की डिजिटल सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नवंबर माह की निर्धारित थीम ‘दावा प्रक्रिया का सरलीकरण, निकासी लाभ एवं दावों का निस्तारण’ पर विशेष रूप से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि निकासी लाभ को आवश्यकता, आवास और विशेष परिस्थितियों जैसी श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पात्र सदस्यों को उपलब्ध शेष राशि की अधिकतम 100 प्रतिशत तक निकासी, सेवा अवधि की पात्रता को 12 महीने किए जाने तथा विशेष परिस्थितियों में बिना कारण बताए निकासी के प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी गई।
UAN और UMANG के जरिए ऑनलाइन क्लेम की सुविधा
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने UAN पोर्टल और UMANG ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दावा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही कागजरहित और स्वचालित दावा निस्तारण व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि KYC में गड़बड़ी, बैंक खाते की गलत जानकारी अथवा UAN सक्रिय नहीं होने जैसी समस्याओं के कारण दावों के निस्तारण में देरी हो सकती है। ऐसे में कर्मचारियों को अपने KYC, बैंक खाते और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी सही एवं अपडेट रखने की सलाह दी गई।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और शिकायत निवारण पर भी चर्चा
कार्यक्रम में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I वैभव सिंह और क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II विजय कुमार ने प्रतिभागियों को EPFO की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, शिकायत निवारण व्यवस्था तथा कर्मचारी हितों से जुड़ी सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों और नियोक्ताओं से EPFO की ऑनलाइन सेवाओं, आधिकारिक वेबसाइट, कॉल सेंटर और जनसंपर्क अधिकारियों के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
सहायता डेस्क के जरिए समस्याओं का समाधान
कार्यक्रम स्थल पर सदस्यों की समस्याओं के समाधान के लिए सहायता डेस्क भी स्थापित किए गए। यहां कर्मचारियों को पीएफ से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया तथा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रवर्तन अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी उत्कर्ष कुमार ने किया। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पीएफ योजनाओं, निकासी लाभों, क्लेम प्रक्रिया और EPFO की डिजिटल सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर वैदिक कॉस्मेस्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के HR Head श्रेयस अग्रवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने कर्मचारियों और उद्योगों के हित में EPFO की ओर से आयोजित किए जा रहे जागरूकता एवं शिकायत निवारण कार्यक्रमों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को EPFO के आधिकारिक YouTube चैनल और अन्य डिजिटल माध्यमों से जुड़कर विभाग की सेवाओं एवं नवीनतम जानकारियों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।