नोएडा के डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग, 15 दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (05 मार्च 2025): नोएडा के सेक्टर 24 स्थित हॉर्टिकल्चर डंपिंग ग्राउंड में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और 75 दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार (Pradeep Kumar) ने बताया कि इस डंपिंग ग्राउंड में बड़ी मात्रा में सूखे पत्ते और झाड़ियां जमा थीं, जो आग पकड़ने का मुख्य कारण बना। आग लगने के बाद तेज हवाओं के कारण लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे इसे बुझाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

डंपिंग ग्राउंड लगभग 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ है, जहां आग के कारण आसपास के इलाकों में भी धुआं फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम, जल निगम और अन्य सरकारी संस्थानों की मदद से पानी की आपूर्ति की जा रही है। दमकल विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और जल्द ही आग पर पूरी तरह काबू पाने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्थानीय निवासियों और आसपास के संस्थानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और दमकल विभाग पूरी ताकत से आग बुझाने में लगा हुआ है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।