लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट का डिजिटल नेटवर्क बेनकाब, VPN से चलता था टेरर मॉड्यूल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (28 November 2026): दिल्ली पुलिस की जांच में लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट के आर्म्स स्मगलिंग और कथित टेरर मॉड्यूल को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने 20 नवंबर को राउज एवेन्यू कोर्ट में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत तीसरी सप्लिमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट के मुताबिक, सिंडिकेट के सदस्य अपनी गतिविधियों को अंजाम देने और जांच एजेंसियों से बचने के लिए फर्जी पहचान पर खरीदे गए सिम कार्ड और इंटरनेट आधारित ऐप्स का इस्तेमाल करते थे। आरोपियों के बीच संपर्क के लिए वॉट्सऐप, सिग्नल, स्नैपचैट और बॉटिम जैसे ऐप का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।

फर्जी सिम, VPN और फोन बदलकर छिपाते थे पहचान

चार्जशीट में बताया गया है कि सिंडिकेट से जुड़े लोग अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड लेते थे। इसके अलावा VPN और अलग-अलग इंटरनेट आधारित संचार माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था। जांच एजेंसियों की पकड़ से बचने के लिए मोबाइल फोन बदलने और इस्तेमाल के बाद उन्हें नष्ट करने जैसे तरीके भी अपनाए गए। पुलिस ने आरोपियों के बीच संपर्क और कथित आपराधिक गतिविधियों का ब्योरा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जुटाया है। जांच में सामने आए इन तरीकों से पता चलता है कि गिरोह अपने नेटवर्क को गुप्त रखने के लिए डिजिटल माध्यमों का सहारा ले रहा था।

दीपक नंदा के फोन से मिली हथियारों की तस्वीरें और चैट

चार्जशीट के मुताबिक, सिंडिकेट से जुड़े वकील दीपक नंदा उर्फ दीपक खत्री के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। साइबर लैब में फोन की मिरर इमेजिंग कर डेटा निकाला गया। जांचकर्ताओं को फोन में पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के पासपोर्ट की तस्वीर, विदेशी हथियारों की फोटो और रंगदारी से जुड़ी चैट मिली हैं। फोन में मिली हथियारों की कुछ तस्वीरें गीता कॉलोनी के आरोपी निशांत अरोड़ा उर्फ नोनी के मोबाइल में मौजूद तस्वीरों से मेल खाती हैं। वहीं, कुछ पिस्टल की तस्वीरें आरोपी हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल की ओर से दीपक को भेजे जाने की बात भी चार्जशीट में कही गई है।

शाहबाज अंसारी और हैरी बॉक्सर से जुड़े डिजिटल सुराग

जांच के दौरान दीपक के फोन में हथियार तस्करी और कथित टेरर मॉड्यूल के फरार सरगना शाहबाज अंसारी के नाम से सेव एक नंबर का स्क्रीनशॉट भी मिला। यह नंबर 11 जुलाई 2025 को ‘शाहबाज भाई’ के नाम से सेव किया गया था। इसके अलावा फोन से मिली कुछ चैट में लॉरेंस के सहयोगी हैरी बॉक्सर की ओर से धमकी भरे कॉल का जिक्र है। कुछ बातचीत में बड़ी रकम के ट्रांसफर से जुड़ी जानकारी भी मिली है। चार्जशीट में इन डिजिटल साक्ष्यों को आरोपियों के बीच संपर्क और कथित आपराधिक गतिविधियों की कड़ियों के तौर पर शामिल किया गया है।

दूसरों के नाम पर नंबर और दुबई में छोड़ा फोन

चार्जशीट में जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए इस्तेमाल किए गए तरीकों का भी जिक्र है। रूबल के ब्रिटेन के फोन नंबर से जुड़े वॉट्सऐप अकाउंट का आईपी एड्रेस कृष्णा नगर के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया। उस व्यक्ति ने बताया कि घर में नेटवर्क कमजोर होने के कारण रूबल उसके वाई-फाई का इस्तेमाल करता था। वहीं, दीपक का एक अन्य मोबाइल नंबर गीता कॉलोनी की एक महिला के नाम पर था, जिसे इस नंबर की जानकारी तक नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, गैंग से जुड़े काम और रंगदारी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक फोन दीपक जानबूझकर दुबई में छोड़ आया था। अब पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों और संपर्कों के आधार पर सिंडिकेट के नेटवर्क की आगे जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।