National News (28 November 2026): कच्चे जूट की उपलब्धता बनाए रखने और बाजार में जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वस्त्र मंत्रालय के तहत जूट आयुक्त ने 27 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर जूट बेलरों, स्टॉकिस्टों, व्यापारियों और जूट मिलों के लिए कच्चे जूट की अधिकतम भंडारण सीमा निर्धारित कर दी है। यह आदेश जूट और जूट वस्त्र नियंत्रण आदेश, 2016 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है। सरकार का कहना है कि बाजार में कच्चे जूट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और कीमतों में अनावश्यक उतार-चढ़ाव रोकने के लिए यह फैसला जरूरी हो गया था।
नए आदेश के तहत अलग-अलग श्रेणियों के कारोबारियों के लिए अलग-अलग स्टॉक सीमा तय की गई है। जूट आयुक्त कार्यालय में पंजीकृत और जूट स्मार्ट पोर्टल पर नियमित स्टॉक रिटर्न जमा करने वाले ऐसे कच्चे जूट बेलर, जिनके परिसर में बेलिंग प्रेस मौजूद है, वे अधिकतम 1,000 क्विंटल जूट रख सकेंगे। अन्य पंजीकृत स्टॉकिस्टों के लिए यह सीमा 100 क्विंटल निर्धारित की गई है। वहीं, जो स्टॉकिस्ट या बेलर पंजीकृत नहीं हैं, जिन्होंने पंजीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा पोर्टल पर स्टॉक का विवरण जमा नहीं कर रहे हैं, वे अधिकतम 5 क्विंटल कच्चा जूट ही रख पाएंगे। जूट मिलों और कच्चे जूट से उत्पाद बनाने वाली इकाइयों के लिए वर्तमान उत्पादन दर के आधार पर 90 दिनों की खपत के बराबर स्टॉक रखने की अनुमति होगी।
सरकार ने निर्धारित सीमा से अधिक जूट रखने वाली संस्थाओं को अतिरिक्त स्टॉक बेचने और 10 दिसंबर 2026 तक खरीदार को उसकी भौतिक आपूर्ति करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही तत्काल प्रभाव से नई खरीद पर रोक लगाने को कहा गया है, जब तक संबंधित कारोबारी का स्टॉक तय सीमा के भीतर नहीं आ जाता। आदेश के दायरे में आने वाले सभी लोगों को प्रत्येक पखवाड़े जूट स्मार्ट पोर्टल पर अपने स्टॉक की जानकारी घोषित करनी और उसे अपडेट करना होगा। खास बात यह है कि एक ही परिसर में अलग-अलग व्यापारियों या स्टॉकिस्टों के नाम पर रखा गया कच्चा जूट भी एक ही स्टॉक माना जाएगा। यानी गोदाम या बेलिंग प्रेस साझा करने वाली संस्थाओं को मिलाकर निर्धारित सीमा का पालन करना होगा।
आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने निगरानी और कार्रवाई के भी प्रावधान किए हैं। जूट आयुक्त के अधिकृत प्रतिनिधि और राज्य पुलिस अधिकारी गोदामों सहित संबंधित परिसरों में प्रवेश कर तलाशी ले सकेंगे। वे स्टॉक की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए बही-खातों और दूसरे रिकॉर्ड का निरीक्षण भी कर सकेंगे। नियमों के उल्लंघन के संदेह पर कच्चे जूट को जब्त करने का अधिकार भी दिया गया है। जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग के लिए संबंधित राज्य सरकारों से भी अनुरोध किया जाएगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और जूट एवं जूट वस्त्र नियंत्रण आदेश, 2016 के तहत कार्रवाई हो सकती है, जिसमें कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
सरकार के इस फैसले के पीछे जूट बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव और सट्टेबाजी से पैदा होने वाले खतरे को रोकना प्रमुख उद्देश्य बताया गया है। कच्चे जूट की जमाखोरी से इसकी उपलब्धता प्रभावित हो सकती है, जिसका असर जूट मिलों के उत्पादन और रोजगार पर भी पड़ सकता है। सरकार का मानना है कि तय स्टॉक सीमा से बाजार में आपूर्ति स्थिर रखने, कारोबार में पारदर्शिता बढ़ाने और जमाखोरी पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। इस कदम के जरिए जूट किसानों, निर्माताओं और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने के साथ देश के जूट उद्योग को भी स्थिरता देने की कोशिश की गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।