बवाना में गांजा तस्करी का खुलासा, दो महिलाएं गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (27 November 2026): दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बवाना इलाके से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। डीसीपी शोभित डी. सक्सेना के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान 35 वर्षीय मरजीना और 19 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 12 किलो 205 ग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान मरजीना के पास से 6 किलो 106 ग्राम गांजा मिला, जबकि कृष्णा के कब्जे से 6 किलो 99 ग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों महिलाओं के मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। पुलिस अब इन मोबाइल फोन की जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी महिलाएं किन लोगों के संपर्क में थीं और नशे की खेप कहां से लाई गई थी।

इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में गांजा सप्लाई करने वाले नेटवर्क और मुख्य सप्लायर से जुड़े कुछ अहम कनेक्शन सामने आए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस अवैध कारोबार के पीछे अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस बरामद गांजे के स्रोत, उसकी सप्लाई और संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।