मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की मंडलायुक्त ने की समीक्षा, बीएलओ के कार्यों का होगा सत्यापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (27/11/2026): जनपद गौतमबुद्धनगर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 अभियान की प्रगति और तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेरठ मंडल के मंडलायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर भानु चंद्र गोस्वामी ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही, अभियान में लापरवाही बरतने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, ऑफलाइन प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और डुप्लीकेट नामों के सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों और कोटेदारों का सहयोग लेने के साथ ही शहरी क्षेत्रों की सोसायटियों एवं बहुमंजिला आवासीय परिसरों में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाए। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
बीएलओ के कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम प्रपत्र प्राप्त करने वाले बीएलओ को चिह्नित किया जाए और उनके कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराया जाए। इसके तहत 27 नवंबर को संबंधित अधिकारी और सुपरवाइजर मौके पर पहुंचकर घर-घर संपर्क तथा प्रपत्र प्राप्त करने की स्थिति की जांच करेंगे। इसके अलावा विशेष अभियान दिवसों के बाद भी करीब 100 बीएलओ के कार्यों का सत्यापन कराया जाएगा।
मंडलायुक्त ने सभी लंबित ऑफलाइन प्रपत्रों का निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने और प्रतिदिन शाम 6 बजे तक रिपोर्ट लॉक करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईआरओ-नेट पर दर्ज आंकड़ों और बीएलओ से प्राप्त जानकारी का नियमित मिलान करने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विसंगति को समय रहते दूर किया जा सके। डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार सत्यापन कराने के साथ यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि किसी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से मतदाता सूची से न हटाया जाए।
आगामी 28 और 29 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवसों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कंट्रोल रूम स्थापित करने और प्रत्येक दो घंटे में बीएलओ की उपस्थिति, लोकेशन तथा कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित दावों और आपत्तियों की सूचियां 17 नवंबर से प्रतिदिन जनपद की आधिकारिक वेबसाइट gbnagar.nic.in पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंडलायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने और अभियान की नियमित समीक्षा करने का भरोसा दिलाया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।