New Delhi News (22 नवंबर 2026): दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी, लोअर केजी, अपर केजी और अन्य एंट्री लेवल कक्षाओं में दाखिले की तैयारी शुरू हो गई है। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने दाखिले का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत 1 दिसंबर 2026 से आवेदन फॉर्म मिलने शुरू होंगे और अभिभावक 28 दिसंबर 2026 तक अपने बच्चों के दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। शिक्षा निदेशालय के सर्कुलर के अनुसार, 23 नवंबर से सभी संबंधित स्कूलों को अपनी वेबसाइट और शिक्षा विभाग के पोर्टल पर दाखिले के नियम, चयन प्रक्रिया और अंक देने का तरीका अपलोड करना होगा। वहीं, दाखिले के लिए पहली चयन सूची 20 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी, जिसमें प्रतीक्षा सूची भी शामिल रहेगी।
4 जनवरी को जारी होगी अंकों की सूची:
दाखिला प्रक्रिया के तहत 4 जनवरी 2027 को स्कूल आवेदन करने वाले बच्चों की जानकारी और उन्हें दिए गए अंकों की सूची सार्वजनिक करेंगे। यदि किसी अभिभावक को लगता है कि उनके बच्चे को निर्धारित मानदंडों के अनुसार सही अंक नहीं दिए गए हैं, तो वे 5 से 11 जनवरी के बीच स्कूल प्रबंधन के सामने अपनी आपत्ति या सवाल दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 12 जनवरी को अंतिम अंक सूची जारी होगी और 20 जनवरी को पहली चयन सूची प्रकाशित की जाएगी। पहली सूची को लेकर अभिभावकों के सवालों और शिकायतों का समाधान 21 से 28 जनवरी तक किया जाएगा। इसके बाद 5 फरवरी को दूसरी चयन सूची जारी होगी, जिस पर 6 से 12 फरवरी तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। यदि इसके बावजूद सीटें खाली रहती हैं तो 22 फरवरी को अगली सूची जारी की जाएगी। पूरी दाखिला प्रक्रिया 12 मार्च 2027 को समाप्त होगी।
रजिस्ट्रेशन के लिए 25 रुपये से ज्यादा नहीं ले सकेंगे स्कूल:
शिक्षा निदेशालय ने दाखिले के नाम पर अभिभावकों से मनमानी वसूली रोकने के लिए फीस संबंधी नियम भी स्पष्ट किए हैं। इसके तहत स्कूल आवेदन फॉर्म और रजिस्ट्रेशन के लिए अधिकतम 25 रुपये ही ले सकेंगे। यह राशि गैर-वापसी योग्य होगी। वहीं, स्कूल का प्रॉस्पेक्टस खरीदना पूरी तरह वैकल्पिक रहेगा और कोई भी स्कूल अभिभावकों को इसे खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेगा। दाखिले के बदले डोनेशन या किसी अन्य नाम पर अतिरिक्त रकम वसूलना भी प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर वसूली गई रकम का 10 गुना तक जुर्माना लगाया जा सकता है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि दाखिले की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत ही पूरी की जानी चाहिए।
25 फीसदी सीटें EWS, DG और दिव्यांग बच्चों के लिए आरक्षित:
दिल्ली के निजी गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त स्कूलों में एंट्री लेवल कक्षाओं की कुल सीटों में से 25 प्रतिशत सीटें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), वंचित समूह (DG) और दिव्यांग बच्चों (CWSN) के लिए आरक्षित रहेंगी। बाकी 75 प्रतिशत सीटों पर सामान्य श्रेणी के बच्चों को दाखिला दिया जाएगा। सामान्य श्रेणी के तहत दाखिले के लिए स्कूलों को पहले से घोषित अंक प्रणाली और निर्धारित मानदंडों का पालन करना होगा। वहीं, बच्चों की उम्र की गणना 31 मार्च 2027 के आधार पर की जाएगी। नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र 3 साल से अधिक और 4 साल तक, लोअर केजी के लिए 4 साल से अधिक और 5 साल तक तथा अपर केजी के लिए 5 साल से अधिक और 6 साल तक निर्धारित की गई है। कक्षा एक में दाखिले के लिए लागू शिक्षा नीति और आयु संबंधी सरकारी निर्देशों का पालन करना होगा। निर्धारित आयु सीमा में एक महीने तक की छूट के लिए अभिभावक स्कूल के प्रधानाचार्य को लिखित आवेदन दे सकते हैं, जिस पर फैसला लेने का अधिकार प्रधानाचार्य के पास होगा।
बच्चों का इंटरव्यू नहीं ले सकेंगे स्कूल:
शिक्षा निदेशालय ने दाखिले की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और बच्चों व अभिभावकों के साथ भेदभाव रोकने के लिए कई मानदंडों पर प्रतिबंध लगाया है। इसके तहत स्कूल बच्चों का इंटरव्यू या मौखिक परीक्षा नहीं ले सकेंगे। माता-पिता की शैक्षणिक योग्यता, खानपान की आदतें, शाकाहारी या मांसाहारी होने और नशा नहीं करने जैसी बातों को भी दाखिले का आधार नहीं बनाया जा सकेगा। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन अपनी मर्जी से किसी बच्चे को अंक नहीं दे सकेंगे और चयन केवल पहले से घोषित मान्य मानदंडों के आधार पर होगा। यदि दो या उससे अधिक बच्चों के अंक समान होते हैं और उपलब्ध सीटों से ज्यादा दावेदार होते हैं तो स्कूलों को लॉटरी के जरिए चयन करना होगा। इस प्रक्रिया में अभिभावकों और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि की मौजूदगी अनिवार्य होगी। लॉटरी की पर्चियां बॉक्स में डालने से पहले अभिभावकों को दिखाई जाएंगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
पते के प्रमाण के लिए कई दस्तावेज मान्य:
नर्सरी दाखिले के आवेदन के दौरान अभिभावकों को अपने आवासीय पते का प्रमाण भी जमा करना होगा। इसके लिए राशन कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, वोटर आईडी कार्ड, बिजली या पानी का बिल, टेलीफोन बिल, पासपोर्ट और माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड मान्य होगा। हालांकि, राशन कार्ड या स्मार्ट कार्ड में बच्चे का नाम शामिल होना जरूरी है। शिक्षा निदेशालय ने सभी संबंधित निजी स्कूलों को निर्धारित समयसीमा और नियमों के अनुसार दाखिला प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन शुरू होने से पहले संबंधित स्कूलों की वेबसाइट पर उपलब्ध दाखिला मानदंड, अंक प्रणाली और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी हासिल कर लें, ताकि आवेदन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। 1 दिसंबर से शुरू होने वाली इस प्रक्रिया के तहत 20 जनवरी 2027 को पहली चयन सूची जारी होना दाखिले का पहला बड़ा पड़ाव होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।