New Delhi News (13 नवंबर 2026): माइक्रोसॉफ्ट सर्वर में आई तकनीकी खराबी का असर अब भारत की विमान सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को इस आउटेज के कारण दिल्ली से संचालित होने वाली स्पाइसजेट की तीन उड़ानें रद कर दी गईं, जबकि दो अन्य उड़ानों के संचालन में देरी हुई। अचानक उड़ानें रद होने और देरी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तकनीकी समस्या के चलते एयरलाइन सेवाओं के प्रभावित होने की खबर सामने आने के बाद हवाई यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने दिल्ली से पुणे, दिल्ली से लेह और दिल्ली से मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद कर दीं। इसके अलावा दिल्ली से दरभंगा और दिल्ली से मुंबई जाने वाली दो उड़ानों में भी देरी दर्ज की गई। माइक्रोसॉफ्ट में आई तकनीकी खराबी को इन उड़ानों के प्रभावित होने की वजह बताया गया है। हालांकि, फिलहाल अन्य एयरलाइनों की उड़ानों पर बड़े स्तर पर असर पड़ने की जानकारी सामने नहीं आई है।
इस बीच एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि वह माइक्रोसॉफ्ट आउटेज की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसकी उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। एयरलाइन के अनुसार, उसके संचार माध्यमों पर इस तकनीकी समस्या का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। यात्रियों के ईमेल बिना किसी रुकावट के प्राप्त होते रहें, इसके लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे माध्यम से रीरूट किया गया है। कंपनी ने यह भी कहा है कि वह निर्धारित 24 घंटे की समयसीमा के भीतर यात्रियों के ईमेल का जवाब दे रही है।
वहीं, माइक्रोसॉफ्ट आउटेज को देखते हुए इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने भी यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जांचने की सलाह दी है। एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे उड़ान से संबंधित अपडेट पर नजर रखें और किसी भी बदलाव की जानकारी मिलने पर उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। ऐसे में अगर आप भी हवाई यात्रा करने जा रहे हैं तो घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।