रीलखा गांव में किसानों का धरना आठवें दिन भी जारी, बारिश से टली महापंचायत

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (12/10/2026): यमुना विकास प्राधिकरण के खिलाफ जेवर क्षेत्र के रीलखा गांव में किसानों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। किसान अपनी मांगों को लेकर अनाज मंडी के पास धरने पर बैठे हैं। सोमवार को यहां प्रस्तावित महापंचायत बारिश के कारण स्थगित करनी पड़ी। किसानों ने स्पष्ट किया कि वे जल्द ही बड़े स्तर पर महापंचायत आयोजित कर आंदोलन की अगली रणनीति तय करेंगे।

आठ दिन बाद भी अधिकारियों के नहीं पहुंचने से नाराजगी

किसान नेता उद्यम सिंह ने कहा कि धरना शुरू हुए आठ दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्राधिकरण का कोई अधिकारी किसानों की समस्याएं सुनने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा है। इससे प्रदर्शन कर रहे किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समाधान की दिशा में कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

महापंचायत के जरिए तय होगी आगे की रणनीति

सोमवार को बारिश के कारण महापंचायत नहीं हो सकी। अब किसान जल्द ही दोबारा महापंचायत बुलाने की तैयारी कर रहे हैं। इसमें आंदोलन को आगे बढ़ाने और अपनी मांगों को लेकर आगामी कदम तय किए जाएंगे। किसानों ने चेतावनी दी है कि उनकी समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो विरोध प्रदर्शन को और व्यापक किया जाएगा।

प्राधिकरण का काम रोकने की चेतावनी

किसानों ने कहा कि उनकी मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को अगले स्तर पर ले जाया जाएगा। किसान नेता उद्यम सिंह ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर यमुना विकास प्राधिकरण के कामकाज को रोकने का कदम भी उठाया जाएगा। किसानों ने अधिकारियों से धरनास्थल पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

धरने में कई किसान और ग्रामीण शामिल

सोमवार को धरनास्थल पर करतार सिंह, हेमराज कसाना, लक्ष्मण कसाना, रामवीर सिंह, रमेश कसाना, रोहित कसाना, राजीव कसाना, सोनू कसाना, पंकज कसाना, रवि कसाना, सरजीत, बाबा धर्मपाल कसाना, संजय शर्मा और प्रेम कसाना समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि मांगों पर ठोस पहल होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।