नोएडा रामलीला में दिखेगा केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम का नजारा, 80 फीट के रावण और 75 फीट के कुंभकरण का होगा दहन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Noida News (11 October 2026): नोएडा में रामलीला और दशहरा महोत्सव को इस बार भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के रामलीला मैदान में श्री सनातन धर्म रामलीला समिति द्वारा 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक रामलीला का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष मंच को केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम और जगन्नाथ पुरी की थीम पर तैयार किया जा रहा है। वहीं, दशहरे पर 80 फीट ऊंचे रावण, 75 फीट के कुंभकरण और 65 फीट के मेघनाथ के पुतलों का दहन मुख्य आकर्षण होगा।
दिल्ली-मुंबई के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन
समिति के पदाधिकारियों ने 9 अक्टूबर को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि नोएडा में पिछले 41 वर्षों से लगातार रामलीला और विजयदशमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष दिल्ली और मुंबई के प्रसिद्ध टीवी एवं फिल्मी कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। आयोजन की शुरुआत 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे गणेश पूजन के साथ होगी। रामलीला का समापन 21 अक्टूबर को भरत मिलाप, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और डांडिया के साथ किया जाएगा।
15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात
रामलीला महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण 15 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य राम बारात होगी। यह बारात दोपहर 3 बजे सेक्टर-19 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से बैंड-बाजे, रथ, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ रवाना होगी। नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से गुजरने के बाद रात करीब 8 बजे रामलीला मैदान, सेक्टर-21ए पहुंचेगी।
तीन विशाल पुतलों के साथ होगी आतिशबाजी
20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा। समिति के अनुसार, पुतलों को रंग-बिरंगी सजावट, बिजली की रोशनी और आकर्षक आतिशबाजी के साथ तैयार किया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासियों के पहुंचने की संभावना है।
3डी इफेक्ट और डबल मंच होगा खास आकर्षण
इस बार रामलीला का मंच डबल स्टेज पर तैयार किया जा रहा है, जिसे भव्य महल का स्वरूप दिया जा रहा है। मंच पर जंगल, पहाड़ और किले की थीम के साथ 3डी इफेक्ट और एलईडी का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा पूरे मैदान में रोशनी और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। मेले में फूड स्टॉल, झूले, सर्कस और फायर क्रैकर शो भी आयोजित किए जाएंगे।
सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे और सुरक्षाकर्मी तैनात
समिति ने बताया कि आयोजन के लिए प्रशासन से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों तथा समिति के सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। समिति को उम्मीद है कि रामलीला के दौरान प्रतिदिन हजारों लोग पहुंचेंगे, जबकि दशहरे के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के शामिल होने की संभावना है।
प्रेसवार्ता में समिति के चेयरमैन डॉ. टी.एन. गोविल, अध्यक्ष टी.एन. चौरसिया, महासचिव संजय बाली, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अल्पेश गर्ग सहित समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।