दिल्ली SIR में 13.62 लाख मामलों का वेरिफिकेशन पूरा, 9 और 11 अक्टूबर को लगेंगे स्पेशल कैंप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (08 October 2026): दिल्ली में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया के बीच अब तक 13 लाख 62 हजार 162 मामलों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है। SIR के तहत करीब 33 लाख वोटर्स को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें नो-मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, नोटिस पाने वाले वोटर्स को वेरिफिकेशन के लिए अलग से दफ्तर बुलाने के बजाय BLO उनके घर जाकर जरूरी दस्तावेज ले रहे हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट में नाम जुड़ने से वंचित न रहे।

बुधवार को दिल्ली के CEO कार्यालय की ओर से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, ERO और AERO के साथ SIR के तहत नोटिस, क्लेम और ऑब्जेक्शन के निपटारे की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी मामलों का निपटारा तय समयसीमा के भीतर करने के निर्देश दिए गए हैं। SIR के तहत नोटिस, क्लेम और ऑब्जेक्शन के निपटारे की प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी की जानी है। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में नोटिस के निस्तारण का काम लगभग पूरा होने की जानकारी दी गई है, जबकि मटियाला, विकासपुरी, बुराड़ी, करावल नगर, किराड़ी और बदरपुर जैसी अधिक मतदाताओं वाली विधानसभाओं में प्रक्रिया पूरी करने में अपेक्षाकृत ज्यादा समय लग रहा है।

वहीं, जिन पात्र लोगों का नाम वोटर लिस्ट में जुड़ने से छूट गया है, उनके लिए दिल्ली के सभी पोलिंग स्टेशनों पर 9 और 11 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में पात्र लोग Form-6 भरकर वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले 7 और 8 अक्टूबर को कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां BLO छात्रों को फॉर्म भरने में मदद करने के साथ SIR से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे हैं। हाल ही में डिमोलिशन के बाद दूसरी जगह शिफ्ट हुए लोगों के लिए भी विशेष कैंप लगाए जाने की जानकारी दी गई है, ताकि वे अपने नए पते वाले इलाके में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकें।

इसी बीच SIR को लेकर दिल्ली में राजनीतिक विरोध भी जारी है। बुधवार को INDIA ब्लॉक के दिल्ली के घटक दलों ने कश्मीरी गेट से विरोध मार्च निकाला और दिल्ली के CEO अशोक कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन में कांग्रेस, RJD, CPI, CPM, CPI (ML), RSP, AIFB और TMC समेत कई दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों ने SIR को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखीं और ज्ञापन सौंपा। ऐसे में एक तरफ दिल्ली में वोटर वेरिफिकेशन और नाम जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ SIR को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी लगातार बढ़ रही हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।