दिल्ली में सिविल डिफेंस वालंटियर्स की भर्ती शुरू, आपदा प्रबंधन से लेकर प्राथमिक उपचार तक संभालेंगे जिम्मेदारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (06 October 2026): दिल्ली सरकार ने लंबे समय के बाद सिविल डिफेंस वालंटियर्स के नए एनरोलमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए इच्छुक लोगों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। नए वालंटियर्स को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, जनजागरूकता और मॉक ड्रिल जैसे कार्यों में लगाया जा सकेगा। राजधानी में आपात स्थिति से निपटने और प्रशासन की सहायता के लिए सिविल डिफेंस वालंटियर्स की भूमिका अहम मानी जाती है। नए एनरोलमेंट से दिल्ली में इस व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद है।

सिविल डिफेंस वालंटियर्स सामान्य परिस्थितियों के साथ-साथ आपात स्थितियों में भी प्रशासन का सहयोग करते हैं। यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, राहत एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार और लोगों को जागरूक करने जैसे कार्यों में इनकी सेवाएं ली जाती हैं। पूर्वी दिल्ली में फिलहाल करीब 550 वालंटियर्स के होने की जानकारी है। कुछ महीने पहले दिल्ली विधानसभा में इनकी संख्या बढ़ाकर करीब एक हजार किए जाने की जरूरत का मुद्दा भी उठाया गया था।

सिविल डिफेंस वालंटियर्स के नए एनरोलमेंट का मुद्दा पूर्वी दिल्ली के डीडीसी चेयरमैन एवं विधायक डॉ. अनिल गोयल ने दिल्ली विधानसभा में उठाया था। उन्होंने वालंटियर्स के कार्यों और आपदा के समय उनकी उपयोगिता को रेखांकित किया था। अब सरकार की ओर से नए एनरोलमेंट के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाने को राजधानी की सिविल डिफेंस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासकर आपदा प्रबंधन और जनजागरूकता से जुड़े अभियानों में इससे अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।

हालांकि, सिविल डिफेंस वालंटियर्स को लेकर पहले नियुक्ति, ड्यूटी और भुगतान से जुड़े विवाद भी सामने आते रहे हैं। कोरोना काल में बड़ी संख्या में वालंटियर्स को विभिन्न जिम्मेदारियों में लगाया गया था, लेकिन बाद में ड्यूटी खत्म होने और मानदेय से जुड़े मुद्दों को लेकर कई वालंटियर्स ने प्रदर्शन किए थे। लंबे समय तक ड्यूटी नहीं मिलने और सेवाओं की निरंतरता के साथ नियमित रोजगार की मांग भी उठती रही है। ऐसे में नए एनरोलमेंट के बीच सरकार के सामने वालंटियर्स की भूमिका के साथ उनकी ड्यूटी और भुगतान से जुड़े मुद्दों को व्यवस्थित रखने की चुनौती भी रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।