चीनी कारोबारियों पर प्रशासन की पैनी नजर, DM ने दिए सख्त निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (26/08/2026): गौतमबुद्ध नगर में चीनी की उपलब्धता, स्टॉक और कीमतों को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ जिले के चीनी डीलरों और स्टॉक होल्डरों को शासन द्वारा निर्धारित स्टॉक लिमिट और ऑनलाइन स्टॉक घोषणा के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि 1 अगस्त 2026 से 30 नवंबर 2026 तक चीनी पर स्टॉक लिमिट लागू है। इसके तहत किसी भी डीलर या स्टॉक होल्डर को किसी भी समय और किसी भी स्थान पर 4000 कुंतल से अधिक चीनी का स्टॉक रखने की अनुमति नहीं है। साथ ही, स्टॉक प्राप्त होने की तारीख से 30 दिन से अधिक समय तक उसका भंडारण नहीं किया जा सकेगा।

पोर्टल पर स्टॉक की घोषणा अनिवार्य

प्रशासन ने सभी चीनी डीलरों और स्टॉक होल्डरों को foodstock.dfpd.gov.in पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने और नियमित रूप से अपने चीनी स्टॉक की ऑनलाइन जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर घोषित स्टॉक और वास्तविक भौतिक स्टॉक में किसी भी तरह की विसंगति नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हर शुक्रवार होगा स्टॉक का सत्यापन

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसीलवार गठित टीमें प्रत्येक शुक्रवार को डीलरों और स्टॉक होल्डरों के स्टॉक का सत्यापन करें। टीमों को पोर्टल पर घोषित स्टॉक और मौके पर मौजूद वास्तविक स्टॉक का मिलान कर रिपोर्ट जिला खाद्य विपणन अधिकारी को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना पोर्टल पर पंजीकरण और स्टॉक घोषित किए चीनी बेचने, निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक रखने, जमाखोरी या मुनाफाखोरी का मामला सामने आने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिले में 4367.50 कुंतल चीनी का स्टॉक मिला

बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गठित टीमों ने चीनी स्टॉक होल्डरों के यहां सत्यापन किया। इस दौरान जिले में कुल 4367.50 कुंतल चीनी का स्टॉक उपलब्ध पाया गया और भौतिक सत्यापन में स्टॉक सही मिला।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आम लोगों से अपील की कि चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन के अनुसार जिले में पर्याप्त मात्रा में चीनी का स्टॉक उपलब्ध है और बाजार में इसकी उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, डीसीपी राजेन्द्र कुमार गौतम, डिप्टी कमिश्नर प्रशासन राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, एसडीएम दादरी अभिनेंद्र, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।