दिल्ली में RSS का नया मुख्यालय “केशव कुंज” तैयार, आधुनिक सुविधाओं से लैस

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14 फरवरी 2025): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का नया आधुनिक मुख्यालय दिल्ली के झंडेवालान में “केशव कुंज” नाम से पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बने इस कार्यालय का निर्माण मुख्य रूप से जनसहयोग और चंदे से प्राप्त राशि से किया गया है। इस परियोजना में 75,000 स्वयंसेवकों ने योगदान दिया, जिससे यह राष्ट्रवाद और सेवा की भावना का प्रतीक बन गया है।

13 मंजिला भव्य इमारत, 300 कमरे और आधुनिक सुविधाएं

करीब 3.75 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस मुख्यालय में 13 मंजिला तीन इमारतें बनाई गई हैं, जिनमें 300 कार्यालय और कमरे शामिल हैं। इसमें 270 कारों के लिए पार्किंग की जगह भी है । साथ ही इस कार्यालय में 1300 से ज्यादा लोगों की क्षमता वाले तीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी है। इसके अलावा यहां 5 बेड का अस्पताल और हनुमान मंदिर का निर्माण किया गया है । यह नया मुख्यालय पारंपरिक भारतीय कला और आधुनिक तकनीक का अद्भुत मिश्रण है। निर्माण कार्य पिछले 8 वर्षों से जारी था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसमें देरी हुई। अब यह भवन पूरी तरह से तैयार है और जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। RSS के इस भव्य मुख्यालय की तीन इमारतों को “साधना”, “प्रेरणा” और “अर्चना” नाम दिया गया है, जो संघ के मूल विचारों और सिद्धांतों को दर्शाती हैं। वहीं, ऑडिटोरियम का नाम विश्व हिंदू परिषद (VHP) के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के नाम पर रखा गया है। इस अत्याधुनिक ऑडिटोरियम में 450 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता है, जबकि एक अन्य बड़े ऑडिटोरियम में 1,000 लोग एक साथ बैठ सकते हैं।

मुख्याल में राजस्थानी शैली का भी है प्रभाव

तीन टावरों में से बीच का टावर खासतौर पर राजस्थानी शैली में डिजाइन किया गया है, जो इसकी भव्यता को और बढ़ाता है। इसी टावर के 11वें फ्लोर पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का आवास बनाया गया है, साथ ही संघ के अन्य अखिल भारतीय अधिकारियों के रुकने की व्यवस्था भी यहीं की गई है। मुख्यालय परिसर में एक बड़ा मैदान भी बनाया गया है, जहां संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की मूर्ति स्थापित की गई है और इसी मैदान में प्रतिदिन संघ की शाखा आयोजित की जाएगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केशव कुंज के चारों कोनों पर सुरक्षा चौकियां बनाई गई हैं, जिससे यह आधुनिक और सुरक्षित मुख्यालय संघ के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायक होगा।

संघ कार्यकर्ताओं के लिए ठहरने और लाइब्रेरी की विशेष व्यवस्था

इस नए कार्यालय में संघ कार्यकर्ताओं के रहने के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, इसमें एक विशाल पुस्तकालय (लाइब्रेरी) भी बनाई गई है, जिसमें 8,000 से अधिक किताबें रखी गई हैं। इस लाइब्रेरी में संविधान, हिंदुत्व, बौद्ध धर्म, जैन धर्म, इस्लाम और अन्य वैश्विक धर्मों से जुड़ी पुस्तकों का संग्रह किया गया है। RSS के इस मुख्यालय को पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल बनाया गया है। इसमें सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए सोलर पावर प्लांट, जल संरक्षण के लिए जल संचयन प्रणाली और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की सुविधा उपलब्ध है। निर्माण में लकड़ी की खपत को कम करने के लिए दरवाजे और खिड़कियों के फ्रेम ग्रेनाइट पत्थर से बनाए गए हैं, जिससे लगभग 1,000 से अधिक पत्थर के फ्रेम पूरे परिसर में स्थापित किए गए हैं।

2016 से किराए के भवन में चल रहा था संघ कार्यालय

गौरतलब है कि RSS का यह कार्यालय 1962 से कार्यरत था, लेकिन इसके पुनर्निर्माण के कारण 2016 से संघ किराए के भवन से संचालित हो रहा था। अब 8 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह नया मुख्यालय पूरी तरह से तैयार हो गया है, जिसमें भविष्य की जरूरतों और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए सभी अत्याधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं।

19 फरवरी को होगा उद्घाटन, मोहन भागवत करेंगे संबोधित

RSS के इस नए मुख्यालय “केशव कुंज” का उद्घाटन 19 फरवरी 2025 को छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर होगा। इस उद्घाटन समारोह में RSS प्रमुख मोहनराव भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में संघ और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। RSS का यह नया मुख्यालय संघ के विचारधारा, संगठनात्मक क्षमता और भविष्य की योजनाओं को और अधिक सशक्त बनाएगा। यह न केवल संघ कार्यकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ने का उदाहरण भी पेश करेगा। इस नए भवन के निर्माण से संघ के कार्यों को अधिक प्रभावी रूप से संचालित करने में सहायता मिलेगी, जिससे इसकी राष्ट्र निर्माण की भूमिका और भी मजबूत होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।