नोएडा प्राधिकरण की बड़ी सौगात: सलारपुर में करोड़ो की लागत से बनेगा आधुनिक ग्रीक थीम कम्युनिटी हॉल

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (18/08/2026): सेक्टर-81 स्थित ग्राम सलारपुर के निवासियों के लिए नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी सौगात दी है। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए प्राधिकरण ने यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस कम्युनिटी हॉल के निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है। परियोजना के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की ओर से 21 जुलाई 2026 को सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं।

प्राधिकरण के अनुसार, प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल के निर्माण पर करीब 5.77 करोड़ रुपये की लागत आएगी। भवन का डिजाइन आकर्षक ग्रीक थीम पर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य सलारपुर और आसपास के ग्रामीणों को शादी-विवाह, सामाजिक समारोहों और अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर, व्यवस्थित और किफायती स्थान उपलब्ध कराना है।

4,613 वर्गमीटर जमीन में विकसित होगा परिसर

कम्युनिटी हॉल के लिए कुल 4,613.26 वर्गमीटर भूमि निर्धारित की गई है। इसमें से 486.08 वर्गमीटर क्षेत्रफल में दो मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन को आधुनिक वास्तुशिल्प और आवश्यक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा, ताकि विभिन्न प्रकार के आयोजनों के लिए इसका उपयोग किया जा सके।

ग्राउंड फ्लोर पर मिलेंगी कई सुविधाएं

भवन के ग्राउंड फ्लोर पर डबल-स्टोरी हॉल के साथ रिसेप्शन एरिया बनाया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था रहेगी। भवन में एक ब्राइडल रूम और एक ग्रूम रूम भी बनाया जाएगा, दोनों कमरों के साथ अटैच्ड वॉशरूम की सुविधा उपलब्ध होगी।

पहली मंजिल पर हॉल और चार कमरे

प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल की पहली मंजिल पर एक अलग हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ चार कमरे बनाए जाएंगे और प्रत्येक कमरे के साथ अटैच्ड वॉशरूम की सुविधा होगी। इससे बड़े सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

जल निकासी से लेकर सौंदर्यीकरण तक होगा विकास

कम्युनिटी हॉल के निर्माण के साथ परिसर में कई अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे। इनमें जल निकासी व्यवस्था, विद्युत कार्य, आंतरिक एवं बाहरी सौंदर्यीकरण और चौड़े प्रवेश मार्ग का निर्माण शामिल है। प्राधिकरण का उद्देश्य भवन को सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप देना है।

एक साल में पूरा करने का लक्ष्य

प्राधिकरण के मुताबिक, निर्माण कार्य के लिए अनुबंध गठित होने के बाद परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण के दौरान भवन की गुणवत्ता, सुरक्षा और निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

कम्युनिटी हॉल के निर्माण से सलारपुर के निवासियों को स्थानीय स्तर पर शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे ग्रामीणों को ऐसे कार्यक्रमों के लिए दूर-दराज के स्थानों पर निर्भर रहने की आवश्यकता भी कम होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।